कॉकरोच जनता पार्टी के प्रस्तावित तिरंगा मार्च को लेकर दिल्ली के कनॉट प्लेस के सेंट्रल पार्क के पास सुरक्षा कड़ी कर दी गई है. साथ ही दिल्ली पुलिस लोगों से गुजारिश कर रही है कि लोग सेंट्रल पार्क न जाएं क्योंकि वहां पर धारा 163 लगी हुई है. इस बीच CJP के संस्थापक अभिजीत दिपके से भी तिरंगा मार्च नहीं निकालने की गुजारिश कीहै. इसके लिए पुलिस आज दिपके के दिल्ली के रानी झांसी रोड स्थित घर पहुंची और मार्च नहीं निकालने को लेकर नोटिस दे दिया.

पुलिस से जुड़े अधिकारियों के अनुसार, पुलिसकर्मी आज CJP नेता अभिजीत दिपके के दिल्ली स्थित आवास पर पहुंचे और उन्हें विरोध मार्च निकालने से रोकने का नोटिस थमा दिया. ‘लहरा दो तिरंगा’ मार्च नहीं निकालने को लेकर नोटिस देने के लिए 15 से 20 पुलिसकर्मी उनके घर पहुंचे थे. उनका कहना है कि सेंट्रल पार्क के आसपास BNSS की धारा 163 लगी हुई है.

CJP के सदस्यों आशुतोष रांका और सौरव दास को तिरंगा फहराने की वजह से जेल में डालने का आरोप लगाते हुए दिपके ने आज शुक्रवार शाम को कनॉट प्लेस के सेंट्रल पार्क में लहरा दो तिरंगा मार्च निकालने का ऐलान किया है. उनके मार्च को देखते हुए नई दिल्ली म्युनिसिपल काउंसिल ने पार्क को शुक्रवार और शनिवार 2 दिन के लिए आम लोगों को बंद कर दिया है. साथ ही वहां पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं.