महाराष्ट्र विधान परिषद की पांच सीटों पर होने वाले चुनाव से पहले सत्तारूढ़ महायुति गठबंधन के भीतर मतभेद खुलकर सामने आने लगे हैं. पुणे टीचर्स सीट पर मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की शिवसेना ने भारतीय जनता पार्टी उम्मीदवार के खिलाफ निर्दलीय प्रत्याशी सचिन सानप को समर्थन देने का ऐलान किया है. वहीं, अमरावती टीचर्स सीट पर बीजेपी के तीन नेताओं के निर्दलीय नामांकन दाखिल करने से शिंदे गुट की शिवसेना के उम्मीदवार की मुश्किलें बढ़ गई हैं.

छत्रपति संभाजीनगर ग्रेजुएट सीट पर भी एनसीपी के उम्मीदवार सतीश चव्हाण को शिवसेना का समर्थन नहीं मिला है. तीनों सीटों पर सामने आए इन विवाद ने महायुति के भीतर सीटों और उम्मीदवारों को लेकर समन्वय पर सवाल खड़े कर दिए हैं. इसी बीच बीजेपी और शिवसेना के नेताओं के बीच शुक्रवार को बैठक प्रस्तावित है, जिसमें मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे वर्चुअली शामिल होंगे.

पुणे टीचर्स सीट पर शिंदे का बीजेपी उम्मीदवार के खिलाफ दांव

पुणे टीचर्स सीट को लेकर बीजेपी और एकनाथ शिंदे की शिवसेना के बीच खींचतान सामने आई है. शिवसेना इस सीट पर अपना उम्मीदवार उतारना चाहती थी, लेकिन बीजेपी ने सीट अपने पास रखते हुए कौस्तुभ गावड़े को प्रत्याशी बनाया. इसके बाद एकनाथ शिंदे ने अपने करीबी मंगेश चिवटे को एबी फॉर्म देकर चुनाव मैदान में उतारने की कोशिश की. हालांकि, बाद में उन्हें अपना नामांकन वापस लेना पड़ा.

इस बीच महाराष्ट्र के उद्योग मंत्री उदय सामंत के पूर्व ओएसडी सचिन सानप निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ रहे हैं. गुरुवार देर रात एकनाथ शिंदे ने सानप को समर्थन देने का ऐलान किया. शिवसेना शुक्रवार से उनके प्रचार अभियान में भी शामिल होगी. गठबंधन में शामिल एक दल का दूसरे सहयोगी दल के उम्मीदवार के खिलाफ निर्दलीय प्रत्याशी को समर्थन देना चुनावी मुकाबले को दिलचस्प बना सकता है.

सतीश चव्हाण को शिवसेना का समर्थन नहीं

अमरावती में शिवसेना के विधान परिषद उम्मीदवार किरण सरनाईक के खिलाफ निर्दलीय उम्मीदवार दिलीप कडू को चुनाव मैदान में उतारा गया है. दिलीप कडू को एनसीपी के विधायक संजय खोडके ने मैदान में उतारा है. अमरावती का बदला छत्रपति संभाजीनगर में लिया जा रहा है. छत्रपति संभाजीनगर ग्रेजुएट निर्वाचन क्षेत्र से एनसीपी के उम्मीदवार सतीश चव्हाण के खिलाफ शिवसेना ने बिगुल फूंक दिया है. शिवसेना ने साफ कर दिया है कि वह सतीश चव्हाण का समर्थन नहीं करेगी.

फडणवीसशिंदे की बैठक पर नजर

महाराष्ट्र विधान परिषद की पांच सीटों के चुनाव से पहले बीजेपी और शिवसेना के बीच शुक्रवार को बैठक प्रस्तावित है. मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे वर्चुअली शामिल होंगे. बैठक में उम्मीदवारों और गठबंधन के भीतर सामने आ रहे मतभेदों पर चर्चा होने की संभावना है. पुणे, अमरावती और छत्रपति संभाजीनगर में सामने आए घटनाक्रमों ने महायुति के सामने सहयोगी दलों के बीच तालमेल बनाए रखने की चुनौती खड़ी कर दी है.