
UP News: 23 साल की साली और 45 साल का जीजा… रिश्ता ऐसा, जिसने लखनऊ के घैला पुल पर हुई एक घटना को रहस्य में डाल दिया है. आखिर रविवार को दोनों के बीच ऐसा क्या हुआ कि पहले गौतम गुप्ता ने गोमती नदी में छलांग लगा दी और फिर चुनमुन भी नदी में कूद गईं? प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, छलांग लगाने से पहले दोनों पुल पर काफी देर तक बातचीत कर रहे थे और उनके बीच बहस भी हुई थी. कुछ ही पलों में दोनों तेज बहाव में ओझल हो गए. पुल पर मिले जूते-चप्पलों के बाद पुलिस और SDRF की टीमें तलाश में जुटीं, लेकिन सवाल अब भी बरकरार है—आखिर उस पुल पर हुआ क्या था?
सफर के दौरान हुई नजदीकियां, पुल पर अचानक नहीं हुआ हादसा
गौतम गुप्ता और चुनमुन गुप्ता रिश्ते में बहनोई और साली लगते थे. गौतम फैजुल्लागंज में रहते थे और उनका बीकेटी इलाके में ढाबा था. 16 साल पहले अमिता से शादी हुई थी जिससे 2 बच्चे भी थे. पत्नी अमिता की मौसी की बेटी थी चुनमुन, 23 साल की युवती जो बीबीए की छात्रा थी और पढ़ाई के साथ-साथ एक कार शोरूम में काम करती थी. रोजाना दोनों का साथ में आना-जाना होता था जिसके चलते सफर के दौरान दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ती चली गईं.
रविवार को दोनों ने घर से निकलने के बाद लखनऊ के ठाकुरगंज और मड़ियावां थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले मशहूर घैला पुल को अपनी इस दर्दनाक मंजिल के लिए चुना. दोपहर गौतम घर से चुनमुन के साथ निकले और घैला पुल पर पहुंचकर कुछ देर बातचीत की, जिसके बाद पहले गौतम ने और फिर चुनमुन ने गोमती नदी में छलांग लगा दी.
चश्मदीदों की नजरों के सामने नदी में लगाई छलांग
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, घैला पुल पर खड़े होकर दोनों काफी देर तक कुछ डिस्कस कर रहे थे. दोनों में किसी तरह की बहस हुई. इसके बाद अचानक 45 वर्षीय गौतम गुप्ता ने गोमती नदी के तेज बहाव में छलांग लगा दी. उन्हें कूदते देख 23 वर्षीय चुनमुन भी खुद को रोक नहीं पाई और पलक झपकते ही उसने भी नदी में छलांग लगा दी. आसपास मौजूद लोग जब तक कुछ समझ पाते और मदद के लिए दौड़ते, तब तक बहुत देर हो चुकी थी और दोनों पानी की तेज धाराओं में ओझल हो चुके थे.
पुल पर मिले जूते-चप्पलों से हुआ खुलासा
घटना की सूचना मिलते ही मड़ियावां और ठाकुरगंज थाने की पुलिस तुरंत मौके पर पहुंच गई. पुलिस ने जब पुल की जांच की तो वहां गौतम का जूता और चुनमुन की चप्पलें लावारिस हालत में मिलीं, जिससे यह साफ हो गया कि दोनों ने नदी में कूदना तय किया था. पुलिस ने तुरंत गोताखोरों को बुलाया, लेकिन गोमती नदी में पानी का जलस्तर और तेज बहाव इतना ज्यादा था कि सर्च ऑपरेशन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है.
परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल, पुलिस की तलाश जारी
शाम 7 बजे, जब पुलिस ने गौतम की पत्नी अमिता और चुनमुन के पिता महेंद्र को फोन कर हादसे की जानकारी दी, तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई. चुनमुन के पिता ने बताया कि उनकी बेटी काम के लिए घर से निकली थी और उन्हें जरा भी अंदाजा नहीं था कि ऐसा कुछ हो जाएगा. मौके पर पहुंची गौतम की पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है. पुलिस फिलहाल हर एंगल से इस मिस्ट्री की जांच कर रही है और एसडीआरएफ की टीम नदी में लगातार दोनों की तलाश में जुटी हुई है.



