Madhya Pradesh Crime News: नर्मदापुरम जिले के पिपरिया से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. यहां दो सगे भाइयों के शव रेलवे स्टेशन की पार्किंग में खड़ी कार से मिले हैं. मृतकों की पहचान 13 वर्षीय समर्थ और 11 वर्षीय शिवाय के रूप में हुई है. दोनों भाइयों का शव मिलने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है. दोनों के पिता अजय धाकड़ की भी रविवार दोपहर ट्रेन से कटकर मौत हो गई थी.

ये बात इस मामले को और भी गंभीर बना रही है. फिलहाल घटना की जानकारी सामने आने के बाद पुलिस मामले की गहन जांच में जुट गई है. जानकारी के मुताबिक, अजय धाड़क उत्तर प्रदेश के बरेली के रहने वाले थे. वो अपने दोनों बेटों समर्थ और शिवाय के साथ पिपरिया आए थे. अजय ने परिवार वालों से फिल्म देखने जाने की बात कही थी और पिपरिया के निकल गए थे.
परिजनों ने कार में देखे दोनों बच्चों के शव
पिपरिया आने के बाद अजय ने यहां अपनी कार रेलवे स्टेशन की पार्किंग में खड़ी की थी. रविवार दोपहर उनकी मौत की खबर पता चली. ट्रेन से कटकर उनकी जान चली गई. इसके बाद परिजनों की नजर रेलवे स्टेशन की पार्किंग में खड़ी उनकी कार पर पड़ी. जब परिजनों ने कार में देखा तो उसमें उनको दोनों बच्चों के शव दिखाए दिए, जिसके बाद हड़कंप मच गया. पुलिस को इस बात की सूचना दी गई.
दोनों बच्चों की गर्दन पर निशान मिले
सूचना पाकर मौके पर पुलिस पहुंची और जांच शुरू की. शुरुआती जांच में पुलिस को दोनों बच्चों की गर्दन पर निशान मिले हैं, हालांकि, बच्चों की मौत किन हालातों में हुई, इसका खुलासा अभी नहीं हुआ है. पुलिस मामले में सभी एंगल को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है. पिपरिया रेलवे स्टेशन पर कार पार्क करने का एक सीसीटीवी फुटेज भी वायरल है.
इस फुटेज में एक शख्स को कार से आते देखा जा सकता है. उसने स्टेशन की पार्किंग में कार खड़ी की. फिर स्टेशन की ओर चला गया. पुलिस इस सीसीटीवी फुटेज की भी बारीकी से जांच कर रही है.



