जमीयत उलमाएहिंद के महासचिव मौलाना मुहम्मद हकीमुद्दीन क़ासमी के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री किरेन रिजिजू से मुलाकात कर नई दिल्ली में मकबरा सफदरजंग के पीछे स्थित ऐतिहासिक रेस कोर्स मस्जिद और उससे सटे कब्रिस्तान के संरक्षण का मामला उठाया. इस अवसर पर प्रतिनिधिमंडल ने जमीयत उलमाएहिंद के अध्यक्ष मौलाना महमूद असद मदनी की ओर से मंत्री को एक विस्तृत मेमोरेंडम सौंपा.

इसमें मस्जिद और कब्रिस्तान के धार्मिक, ऐतिहासिक एवं कानूनी महत्व को रेखांकित करते हुए उनके संरक्षण के लिए तत्काल हस्तक्षेप का अनुरोध किया गया. मेमोरेंडम में कहा गया कि रेस कोर्स मस्जिद धार्मिक और ऐतिहासिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है तथा इसके संबंध में सरकारी अभिलेखों में महत्वपूर्ण दस्तावेजी साक्ष्य मौजूद हैं.
NDMC की हेरिटेज सूची में मस्जिद
इनमें विशेष रूप से नई दिल्ली नगरपालिका परिषद की हेरिटेज सूची में मस्जिद का क्रम संख्या 22 पर दर्ज होना, दिल्ली गजट, 1977 में क्रम संख्या 18 पर इसका जिक्र तथा केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय, भारत सरकार की संशोधित सूची में संपत्ति पहचान संख्या के साथ इसका शामिल होना प्रमुख है.
मस्जिद और कब्रिस्तान की मौजूदा स्थिति पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए मेमोरेंडम में कहा गया कि मस्जिद में नमाज़ियों की आवाजाही पर पाबंदी, पानी और बिजली की आपूर्ति बंद किए जाने तथा मस्जिद को ध्वस्त किए जाने की आशंकाओं के मद्देनज़र इन धार्मिक संपत्तियों के संरक्षण के लिए तत्काल कदम उठाना आवश्यक है.
नई दिल्ली नगरपालिका परिषद से रिपोर्ट तलब
जमीयत उलमाएहिंद ने केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री से इस मामले का तत्काल संज्ञान लेने और संबंधित अधिकारियों, विशेष रूप से दिल्ली वक्फ बोर्ड तथा नई दिल्ली नगरपालिका परिषद से विस्तृत रिपोर्ट तलब करने का अनुरोध किया. मेमोरेंडम में यह भी मांग की गई कि सरकारी अभिलेखों की पूरी जांच, संपत्तियों की कानूनी स्थिति की पुष्टि तथा लागू कानूनों और न्यायिक आदेशों का अनुपालन सुनिश्चित किए बिना मस्जिद या कब्रिस्तान को ध्वस्त करने अथवा ऐसी कोई कार्रवाई करने से परहेज किया जाए, जिसके परिणाम अपूरणीय हों. साथ ही, नमाज़ियों की आवाजाही और पानीबिजली जैसी बुनियादी सुविधाओं को तत्काल बहाल करने पर जोर दिया गया.
मस्जिद और कब्रिस्तान का ध्वस्तीकरण
जमीयत उलमाएहिंद ने मस्जिद और कब्रिस्तान को ध्वस्तीकरण से बचाने के लिए सभी उपलब्ध कानूनी उपायों और अन्य वैध माध्यमों को अपनाने की प्रतिबद्धता भी व्यक्त की, ताकि इनकी धार्मिक एवं ऐतिहासिक महत्ता और कानूनी स्थिति सुरक्षित रह सके. प्रतिनिधिमंडल द्वारा प्रस्तुत मांगों और चिंताओं को गंभीरता से सुनने के बाद केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने आश्वासन दिया कि वह इस मामले में अपनी ओर से हर संभव प्रयास करेंगे.
प्रतिनिधिमंडल में कौनकौन शामिल?
प्रतिनिधिमंडल में जमीयत उलमाएहिंद के महासचिव मौलाना मुहम्मद हकीमुद्दीन क़ासमी के अलावा मौलाना मुहम्मद कासिम नूरी, अध्यक्ष, जमीयत उलमा, दिल्ली प्रदेश, मौलाना कारी आरिफ क़ासमी, उपाध्यक्ष, जमीयत उलमा, दिल्ली प्रदेश, हाफिज़ यूसुफ़ आज़मी, नाज़िमएतंजीम, जमीयत उलमा, दिल्ली प्रदेश, मौलाना हारून राही, इमाम एवं ख़तीब, रेस कोर्स मस्जिद, मौलाना ज़ियाउल्लाह क़ासमी, आयोजक, जमीयत उलमाएहिंद, तथा मौलाना अरशद नदवी शामिल थे.



