Featured Image

Ghaziabad Saas Bahu Death Case: उत्तर प्रदेश  के गाजियाबाद के भोवापुर गांव में हुए एक ऐसा रहस्यमयी हादसा हुआ जिसने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. सुबह का वक्त था. घर की तीन महिलाएं रोज की तरह खेत में मूली उखाड़ने पहुंचीं, लेकिन उन्हें पता था कि वहां मौत उनका इंतजार कर रही है. खेत में पड़ा बिजली का टूटा तार 21 साल की रूबी की गर्दन से छू गया और वह करंट की चपेट में आ गईं. बहू को तड़पता देख सास सत्यवती उसे बचाने दौड़ीं, लेकिन वह भी बिजली की चपेट में आ गईं. दोनों की मौके पर जिंदगी खत्म हो गई, जबकि उन्हें बचाने पहुंची बेटी देवश्री भी झुलस गईं.

खेत में कैसे हुआ दर्दनाक हादसा?

यह घटना गाजियाबाद के राजनगर एक्सटेंशन स्थित भोवापुर गांव की है. मंगलवार सुबह करीब 6 बजे थान सिंह की पत्नी सत्यवती (50), बहू रूबी (21) और बेटी देवश्री खेत में मूली उखाड़ने गई थीं. परिवार बदायूं जिले के कादरचौक इलाके के खिरिया बारखपुर गांव का रहवे वाला है और पिछले तीन साल से भोवापुर में रहकर ठेके पर जमीन लेकर सब्जियों की खेती कर रहा है.

खेत में LT बिजली लाइन का तार टूटा हुआ था. जैसे ही रूबी वहां पहुंची, तार उसकी गर्दन को छू गया और उसे करंट लगने लगा. सत्यवती ने अपनी बहू को बचाने के लिए तार हटाने की कोशिश की, लेकिन वह भी करंट की चपेट में आ गई. अपनी मां और भाभी को बचाने के लिए दौड़ी देवश्री का भी पैर तार से छू गया और वह दूर जा गिरी.

देवश्री की चीख-पुकार सुनकर आस-पास के लोग मौके पर पहुंचे. उन्होंने बांस से बिजली लाइन हटाई और तीनों को संजय नगर के जॉइंट डिस्ट्रिक्ट हॉस्पिटल पहुंचाया. डॉक्टरों ने सत्यवती और रूबी को मृत घोषित कर दिया, जबकि देवश्री को फर्स्ट एड के बाद छुट्टी दे दी गई.

क्या सड़क बनाने के दौरान बिजली लाइन टूटी?

एनर्जी कॉर्पोरेशन के जूनियर इंजीनियर आकाश रस्तोगी ने आरोप लगाया कि भोवापुर में सड़क बनाने के दौरान एक JCB ने बिजली के खंभों और तारों को नुकसान पहुंचाया. उनका दावा है कि बिजली लाइन के पास काम करने से पहले शटडाउन लेना जरूरी था, लेकिन लाइन टूटने के बाद डिपार्टमेंट को समय पर जानकारी नहीं दी गई.

जूनियर इंजीनियर ने GDA कॉन्ट्रैक्टर अंकित गोयल और JCB ड्राइवर के खिलाफ पुलिस कार्रवाई की मांग की है. उनके मुताबिक, अगर उन्हें समय पर जानकारी मिल जाती तो बिजली सप्लाई बंद करके हादसा रोका जा सकता था.

ट्रिपिंग सिस्टम पर भी सवाल उठे

ऊर्जा निगम को सोमवार रात करीब 8 बजे लाइन टूटने की जानकारी हादसे के बाद मंगलवार सुबह मिली. जेई आकाश रस्तोगी के मुताबिक, तार कटने की वजह से ट्रिपिंग सिस्टम फेल हो गया. अब बिजली सप्लाई बंद न करने और मॉनिटरिंग सिस्टम में संभावित खामियों की जांच की जरूरत है.

ACP नंदग्राम जियाउद्दीन अहमद ने बताया कि परिवार मूल रूप से बदायूं का रहने वाला है. हादसे में दो महिलाओं की मौत हो गई, जबकि देवश्री घायल हो गई. रूबी की शादी अभी चार महीने पहले ही हुई थी. परिवार सब्जी की खेती करके अपना गुज़ारा करता था. अब इस हादसे ने परिवार के दो सदस्यों को लील लिया है और बिजली लाइनों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.