Telangana News: तेलंगाना में जिंदगी से तंग आकर एक महिला ने नदी में छंलाग लगा दी, लेकिन कहते हैं न की जब तक आपका समय धरती पर बाकी है, तब तक आपको कुछ नहीं हो सकता. इस मामले में भी कुछ ऐसा ही हुआ. महिला ने नदी में छंलाग लगाई, लेकिन डूबते समय माता दुर्गा की मूर्ति का स्टैंड उसका सहारा बन गया. उसने स्टैंड पकड़ लिया.

इसके बाद स्थानीय लोगों और पुलिस की समय पर मिली मदद से उसकी जान बच गई. ये पूरी घटना तेलंगाना सिद्दिपेट जिले के वर्गल मंडल के नचारंगुट्टा के पास हल्दी वागु चेक डैम पर गुरुवार को घटी. गजवेल मंडल के प्रग्यापुर की रहने वाली 50 वर्षीय चीरला बालमणि मानसिक रूप से बीमार हैं. जानकारी के अनुसार, जीवन से तंग आकर उन्होंने नदी में छलांग लगा दी.
पुलिस कांस्टेबल ने लोगों की मदद से महिला को बाहर निकाला
जब चीरला बालमणि में पानी में डूबने लगीं तो उनका हाथ दुर्गा माता की प्रतिमा का स्टैंड गलती से उनके हाथ से टकरा गया. उन्होंने तुरंत अपने हाथ से उसे पकड़ लिया और पानी पर तैरने की कोशिश की. कुछ समय बाद स्थानीय लोगों ने महिला को नदी में दुर्गा माता की प्रतिमा का स्टैंड पकड़े देखा और तुरंत पुलिस चौकी पर सूचना दी. चौकी पर तैनात कांस्टेबल विष्णु मौके पर पहुंचे. फिर कांस्टेबल ने स्थानीय लोगों के साथ मिलकर महिला को सुरक्षित बाहर निकाल लिया.
बेटा और दामाद महिला को ले गए घर
इसके बाद चीरला बालमणि के परिवार को सूचना दी गई. सूचना मिलने पर, बालमणि का बेटा और दामाद मौके पर पहुंचे और उन्हें घर ले गए. स्थानीय लोगों ने कांस्टेबल विष्णु को सही समय पर कार्रवाई करने और महिला की जान बचाने के लिए बधाई दी. अप्रत्याशित रूप से घटी इस घटना में स्थानीय लोगों और पुलिस की समयबद्ध कार्रवाई के कारण महिला की जान बच गई.



