Featured Image

उन्नाव से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया. जहां एक युवक ने  शिक्षक की नौकरी पाने के लिए जीवित पिता को कागजों में मृत दिखा दिया. इसके बाद जांच रिपोर्ट के आधार पर बीएसए ने उस शिक्षक को निलंबित कर दिया. जानिए पूरा मामला.

क्या है पूरा मामला?

यह पूरा वाकया यूपी के उन्नाव जिले के असोहा ब्लॉक के मंझरिया गांव का है. जहां के रहने वाले श्रीराम यादव वर्ष 2002 में नीमटीकर गांव के एक प्राथमिक विद्यालय में शिक्षक के पद पर तैनात थे. आरोप है कि उनके छोटे बेटे रामबरन ने पिता की मौत से जुड़े फर्जी दस्तावेजों के आधार पर 2003 में मृतक आश्रित कोटे से शिक्षक की नौकरी हासिल कर ली. इतना ही नहीं, उस युवक ने अपनी मां को पेंशन भी दिलवा दी.

आराम से करता रहा फर्जी नौकरी

नौकरी मिलने के बाद रामबरन अपने परिवार के साथ लखनऊ के मोहनलालगंज क्षेत्र स्थित कोराना गांव में रहने लगा. वह वहीं से स्कूल में पढ़ाने के लिए आता-जाता था. वर्ष 2004 में उसने असोहा ब्लॉक से हिलौली ब्लॉक में अपना ट्रांसफर करा लिया. इसके बाद मोहनखेड़ा गांव के प्राथमिक विद्यालय में कई वर्षों तक सेवाएं दीं. फिलहाल वह हिलौली ब्लॉक के खेरवा गांव स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय में शिक्षक के तौर पर तैनात था.

कब हुआ खुलासा?

इस फर्जीवाड़े का खुलासा तब हुआ जब साल 2014-15 में पिता श्रीराम के नाम पर जमीन का बैनामा कराया गया. इसके बाद लखनऊ के मोहनलालगंज क्षेत्र के कोराना गांव के निवासी ललितेश सिंह और अन्य ग्रामीणों ने इस मामले की शिकायत शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों, उप मुख्यमंत्री और पुलिस महानिदेशक से की. शिकायत में उन्होंने सवाल उठाया कि जब सरकारी रिकॉर्ड में श्रीराम यादव को वर्ष 2002 में मृत दिखाया गया था, तो 2014-15 में उनके नाम जमीन की रजिस्ट्री कैसे हुई. इसके अलावा, शिकायतकर्ताओं ने यह भी पूछा कि अगर उनकी मृत्यु 2002 में हो गई थी, तो जमीन का उत्तराधिकार संबंधी रिकॉर्ड 2023 में, यानी करीब 21 साल बाद, कैसे दर्ज हुआ.

जांच के बाद शिक्षक को निलंबित कर दिया गया

इसके बाद शिकायत के आधार पर बीएसए शैलेश कुमार पांडे ने मामले का संज्ञान लिया और जांच के लिए तीन सदस्य वाली जांच टीम गठित की. अब इसकी रिपोर्ट सामने आई है, जिसके आधार पर शिक्षक को निलंबित कर दिया गया है.  और आगे की विभागीय जांच की जा रही है.

यह खबर भी पढ़ें: Karnataka Love Partner Murder 2003: सगाई के कुछ दिनों बाद गर्लफ्रेंड ने रात को कर दिया युवक के साथ कांड, सिर्फ 10 मिनट परिवार के…