Kanpur News: कानपुर के चकेरी के सनीगवां इलाके में सोमवार शाम एक दर्दनाक हादसे में तीन साल के मासूम निहाल की जान चली गई. घर से महज 30 मीटर दूर खेल रहा बच्चा पास के एक सर्विस सेंटर के करीब पांच फीट गहरे टैंक में गिर गया. काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की. करीब डेढ़ घंटे बाद मोहल्ले के बच्चों से टैंक में गिरने की जानकारी मिली.

स्थानीय लोगों की मदद से बच्चे को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी. सनीगवां के बंबा इलाके में रहने वाले मोहम्मद रफीक मजदूरी करते हैं. परिवार में पत्नी सहाना और तीन बेटे गुफरान, कुर्बान और निहाल थे. सोमवार शाम करीब चार बजे निहाल मोहल्ले के अन्य बच्चों के साथ खेल रहा था. इसी दौरान वह घर से लगभग 30 मीटर दूर स्थित सर्विस सेंटर के टैंक में गिर गया.
देर तक घर नहीं लौटा तो शुरू हुई तलाश
साथ खेल रहे बच्चों ने शुरुआत में इसकी जानकारी परिजनों को नहीं दी. निहाल के काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिवार के लोगों ने उसकी तलाश शुरू की. शाम करीब 5:30 बजे मोहल्ले के बच्चों ने बताया कि निहाल टैंक में गिर गया है. जानकारी मिलते ही परिजन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे.
उन्होंने बच्चे को टैंक से बाहर निकाला और अस्पताल ले जाने के लिए निकले, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई. इसके बाद परिवार बच्चे को लेकर घर लौट आया. घटना की जानकारी शाम करीब सात बजे पुलिस और दमकल विभाग को दी गई. सूचना पर पुलिस बल और दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची. हालांकि, परिजनों ने कार्रवाई कराने और पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया.
खुले टैंक और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल
चकेरी थाना प्रभारी अजय प्रकाश मिश्र के मुताबिक, परिजन फिलहाल कानूनी कार्रवाई और पोस्टमार्टम नहीं कराना चाहते हैं. उनसे बातचीत की जा रही है. तहरीर मिलने और पोस्टमार्टम के लिए सहमति बनने पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी. इस हादसे ने रिहायशी इलाकों में स्थित सर्विस सेंटरों और अन्य व्यावसायिक परिसरों में खुले या असुरक्षित टैंकों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं.
घर के पास खेल रहे तीन साल के बच्चे की मौत ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है. हादसे के बाद यह जांच भी जरूरी है कि टैंक किस उद्देश्य से बनाया गया था और वहां बच्चों की सुरक्षा के लिए पर्याप्त इंतजाम थे या नहीं.



