बहू को लाठी-डंडों से पीट रहे थे ससुरालवाले, भागते-भागते हाईवे पर पहुंची; ट्रक की चपेट में आकर दर्दनाक मौत

बिहार के मोकामा से एक दर्दनाक घटना सामने आई है. घरेलू हिंसा की शिकार एक महिला अपनी जान बचाने के लिए ससुराल से भागी लेकिन ट्रक की चपेट में आने से उसकी मौत हो गई.  ये मामला शिवनार गांव का है, महिला के ससुराल वाले उसके साथ मारपीट कर रहे थे. अपनी जान बचाने के लिए वह घर से भागते-भागते नेशनल हाईवे पर पहुंच गई. इसी दौरान वहां से गुजर रहा एक ट्रक उस पर चढ़ गया और उसकी मौत हो गई.

ससुराल वालों से बचने के चक्कर में ट्रक से टकराई महिला

मृतक महिला का नाम स्वीटी शर्मा था. वह शिवनार गांव की रहने वाली थी. वह अपने पति कृष्ण देव शर्मा के साथ लुधियाना में रहती थी. उसका पति वहीं काम करता था. लेकिन बच्चे की बीमारी के चलते उसका इलाज कराने के लिए स्वीटी अपने ससुराल मोकामा आई हुई थी. घर में विवाद होने पर परिवार के कुछ लोग उसके साथ लाठी-डंडों से मारपीट कर रहे थे. परिवार के लोग उसे मारते-मारते घर से सड़क पर ले आए.

हाईवे पर ट्रक ने मारी जोरदार टक्कर

स्वीटी इस कदर सदमे में थी कि उसे जान बचाने के अलावा कुछ और नहीं सूझा. भागते-भारते वह NH-31 पर पहुंच गई. सड़क पर तेजी से भागने के दौरान वह अचानक एक ट्रक की चपेट में आ गई, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई. घटना की जानकारी मिलते ही काफी संख्या में ग्रामीण नेशनल हाईवे पर जमा हो गए. इस घटना के दौरान काफी देर तक सड़क पर जाम लगा रहा और वाहनों की कतारें लग गईं.

घरेलू हिंसा के एंगल से मामले की जांच

घटना की जानकारी तुरंत मोकामा थाना पुलिस को दी गई. पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू की. मोकामा थाना अध्यक्ष कुणाल कुमार ने बताया कि अभी इस मामले में कोई आवेदन नहीं मिला है. घरेलू हिंसा की बात सामने आई है, जांच के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी.वहीं पहुंची पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बाढ़ अस्पताल भिजवाया.