
Maharashtra Crime News: महाराष्ट्र के गोंदिया जिले में गांजा तस्करी का हैरान करने वाला मामला सामने आया है. यहां पुलिस ने दो ऐसे आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जो गांजे को अपने शरीर पर बांधकर तस्करी कर रहे थे. आरोपियों ने पेट, पीठ और पैरों पर प्लास्टिक की मदद से गांजा छिपा रखा था. इससे देखने पर ऐसा लग रहा था, जैसे उनका पेट निकला हुआ हो. हालांकि, पुलिस की तलाशी में तस्करी का यह तरीका पकड़ा गया. गोंदिया पुलिस की लोकल क्राइम ब्रांच (LCB) ने दोनों आरोपियों के कब्जे से 2 किलो 915 ग्राम गांजा बरामद किया है. पुलिस ने गांजे, मोपेड और अन्य सामान समेत कुल 1 लाख 68 हजार 250 रुपये का माल जब्त किया है.
पुलिस के मुताबिक, गोंदिया के एसपी गोरख भामरे के मार्गदर्शन में लोकल क्राइम ब्रांच की टीम गांजा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई कर रही थी. इसी दौरान गोंदिया ग्रामीण थाना क्षेत्र में रेलवे स्टेशन, रेलटोली से रेस्ट हाउस की ओर जाने वाले रास्ते पर नाकाबंदी की गई थी. पुलिस टीम आने-जाने वाले वाहनों की जांच कर रही थी. इसी बीच एक मोपेड पर सवार दो लोग वहां पहुंचे. उनकी गतिविधियां संदिग्ध लगने पर पुलिस ने उन्हें रोक लिया और तलाशी शुरू की.
पेट, पीठ और पैरों पर प्लास्टिक से बांधा था गांजा
तलाशी के दौरान पुलिस को दोनों आरोपियों के शरीर पर प्लास्टिक की मदद से बंधे गांजे के पैकेट मिले. आरोपियों ने गांजे को इस तरह छिपाया था कि सामान्य तौर पर देखने पर किसी को शक न हो. पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने पेट के अलावा पीठ और पैरों पर भी गांजा बांध रखा था. पेट पर पैकेट बंधे होने के कारण उनका पेट बाहर निकला हुआ दिखाई दे रहा था. माना जा रहा है कि आरोपियों ने पुलिस की नजरों से बचने के लिए यह तरीका अपनाया था.
तीन टिफिन बॉक्स में भी छिपाकर रखा था गांजा
पुलिस ने आरोपियों के पास मौजूद बैग की भी तलाशी ली. बैग में रखे तीन टिफिन बॉक्स से गांजा बरामद हुआ. इस तरह शरीर और बैग से कुल 2 किलो 915 ग्राम हरा और गीला गांजा जब्त किया गया. पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही मोपेड और अन्य सामान भी कब्जे में ले लिया. जब्त किए गए पूरे सामान की कुल कीमत 1 लाख 68 हजार 250 रुपये बताई गई है.
मध्य प्रदेश के बालाघाट के रहने वाले हैं दोनों आरोपी
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गोमाजी चौधरी और लक्ष्मीचंद बघेल के रूप में हुई है. दोनों मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले के शिवनघाट के रहने वाले बताए जा रहे हैं. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गांजे की खेप कहां से लाई गई थी और इसे किसके पास पहुंचाया जाना था. साथ ही इस तस्करी में किसी बड़े नेटवर्क की भूमिका है या नहीं, इसकी भी जांच की जा रही है. फिलहाल दोनों आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है.



