Vadodara News: गुजरात के वडोदरा शहर से सनसनीखेज वारदात सामने आई है. यहां मांडवी इलाके में स्थित ‘दला पटेल की पोल’ में एक ही परिवार के तीन सदस्यों ने अपने तीन मंजिला बंगले में एक साथ फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली. मृतकों में 50 वर्षीय मां आरतीबेन सोनी, उनका बड़ा बेटा नीलकंठ सोनी और छोटी बेटी झलक सोनी शामिल हैं. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं और तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा. फिलहाल, खुदकुशी के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल सका है.

जानकारी के मुताबिक, आरतीबेन सोनी के पति चेतनभाई सोनी का करीब एक साल पहले दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया था. चेतनभाई की मौत के बाद परिवार के तीनों सदस्य ओल्ड पादरा रोड स्थित ‘जेप्स हेल्थ केयर’ नाम के आयुर्वेदिक अस्पताल की जिम्मेदारी और संचालन संभाल रहे थे. इस अस्पताल की शुरुआत करीब डेढ़दो साल पहले चेतनभाई ने अपने बिजनेस पार्टनर के साथ मिलकर की थी.

कामवाली ने खटखटाया दरवाजा, फिर बिजनेस पार्टनर ने चाबी से खोला गेट

मंगलवार दोपहर हुई इस दुखद वारदात का खुलासा तब हुआ जब घर की मेड काम पर पहुंची. दोपहर में जब घर में काम करने वाली महिला उषाबेन पहुंची और काफी देर तक दरवाजा खटखटाने पर भी कोई जवाब नहीं मिला, तो उसने तुरंत अस्पताल के पार्टनर केतन शाह को फोन कर इसकी जानकारी दी. केतन शाह चाबी लेकर मौके पर पहुंचे और दरवाजा खोला. अंदर घर के अलगअलग हिस्सों में आरतीबेन, नीलकंठ और झलक के शव फंदे से लटके देखकर हड़कंप मच गया. इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचित किया गया.

“कोई आर्थिक विवाद नहीं था, 10 डॉक्टरों की भर्ती पर हुई थी बात”

सोनी परिवार के साथ पिछले 1213 सालों से पारिवारिक संबंध रखने वाले और सोनेचांदी के व्यापारी केतन शाह ने बताया अस्पताल में वित्तीय निवेश उनका था, जबकि दैनिक संचालन और हिसाबकिताब का पूरा जिम्मा आरतीबेन और उनके दोनों बच्चे संभाल रहे थे. उनके बीच कोई वित्तीय या व्यापारिक मनमुटाव नहीं था. घटना से महज तीनचार दिन पहले ही अस्पताल के विस्तार और 10 नए विजिटिंग डॉक्टरों को हायर करने को लेकर आरतीबेन व बच्चों के साथ सकारात्मक चर्चा हुई थी.

पुलिस जांच में जुटी; आकस्मिक मौत का केस दर्ज

घटना की जानकारी मिलते ही वडोदरा शहर के डीसीपी एंड्रयू मेकवान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. डीसीपी एंड्रयू मेकवान ने बताया कि पुलिस ने तीनों शवों को पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल भेज दिया है. पुलिस ने फिलहाल आकस्मिक मौत दर्ज कर ली है. सुसाइड नोट की तलाश की जा रही है और परिजनों, पड़ोसियों व करीबियों से पूछताछ के साथ फॉरेंसिक टीम की मदद ली जा रही है.