सिरमौर। हिमाचल प्रदेश में तेज रफ्तार का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। आए दिन हो रहे सड़क हादसों में लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ रही है। ताजा मामला जिला सिरमौर के पांवटा साहिब-शिलाई नेशनल हाईवे-70 से सामने आया है, यहां एक तेज रफ्तार बाइक आगे चल रही पिकअप से टकरा गई। हादसा इतना जोरदार था कि बाइक सवार 26 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके साथ बैठा 18 वर्षीय युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।

तेज रफ्तार बाइक आगे चल रही पिकअप से टकराई
जानकारी के अनुसार, हादसा जिला सिरमौर के राजबन क्षेत्र में किशनकोट के पास हुआ। बताया जा रहा है कि बाइक की रफ्तार तेज थी। इसी दौरान बाइक अनियंत्रित हो गई और आगे चल रही पिकअप से टकरा गई। हादसा इतना भयानक था कि बाइक के चिथड़े उड़ गए।
एक की मौत, दुसरा गंभीर घायल
हादसे के बाद कुछ देर के लिए घटनास्थल पर अफरा-तफरी बच गई। हादसे के बाद आसपास के लोगों ने मौके पर पहुंचकर घायलों की मदद की और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
घायल युवक को लोगों ने नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। मृतक की पहचान विकेश (26) पुत्र रंगी लाल, निवासी मालगी, राजबन के रूप में हुई है। वहीं, हादसे में घायल युवक गौरव (18) निवासी सिरमौरी ताल का रहने वाला है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर शुरू की जांच
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। डीएसपी पांवटा साहिब मानवेंद्र सिंह ठाकुर ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हादसे को लेकर आगामी कार्रवाई की जा रही है।



