केंद्र सरकार ने एयर मार्शल इंद्रपाल सिंह वालिया को भारतीय वायुसेना का अगला उप प्रमुख नियुक्त किया है. वो मौजूदा उप प्रमुख एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित की जगह लेंगे, जो शनिवार को वायुसेना के 29वें प्रमुख के रूप में कार्यभार संभालेंगे. वहीं वालिया रविवार को भारतीय वायु सेना के उप प्रमुख का पदभार ग्रहण करेंगे. आइये जानते हैं कौन हैं इंद्रपाल सिंह वालिया.

इंद्रपाल सिंह वालिया वर्तमान में भारतीय वायु सेना की ईस्टर्न एयर कमांड में ‘एयर ऑफिसर कमांडिंगइनचीफ’ के रूप में कार्यरत हैं. नेशनल डिफेंस एकेडमी के पूर्व छात्र रहे वालिया को 11 जून 1988 को भारतीय वायु सेना की फाइटर स्ट्रीम में कमीशन मिला था.
अनुभवी लड़ाकू पायलटों में शुमार
करीब चार दशकों के अपने शानदार सैन्य करियर के दौरान वालिया ने कई महत्वपूर्ण ऑपरेशनल, कमान और स्टाफ से जुड़ी जिम्मेदारियों को बखूबी निभाया है. वो भारतीय वायुसेना के बेहद अनुभवी लड़ाकू पायलटों में शुमार किए जाते हैं. अपने करियर के दौरान उन्होंने कई लड़ाकू विमान उड़ाए हैं, जिनमें मिग21, मिग23, मिग27, जगुआर और सुखोई30 MKI के सभी संस्करण शामिल हैं. उनके पास विभिन्न प्रकार के लड़ाकू विमानों में 3,200 घंटे से अधिक उड़ान का लंबा अनुभव है.
‘डायरेक्टोरेट ऑफ एयर स्टाफ इंस्पेक्शन’ का नेतृत्व किया
अपने करियर में उन्होंने एक फ्रंटलाइन फाइटर स्क्वाड्रन, ‘टैक्टिक्स एंड एयर कॉम्बैट डेवलपमेंट एस्टेब्लिशमेंट’ और बरेली एयर फोर्स स्टेशन का नेतृत्व किया है. इसके अलावा, वालिया ने भारतीय वायु सेना के ‘डायरेक्टोरेट ऑफ एयर स्टाफ इंस्पेक्शन’ का नेतृत्व किया है.
ब्रिटेन से ‘एडवांस्ड कमांड एंड स्टाफ कोर्स’ किया
इंद्रपाल सिंह वालिया ने ब्रिटेन में एडवांस्ड कमांड एंड स्टाफ कोर्स और बांग्लादेश में नेशनल डिफेंस कॉलेज का प्रतिष्ठित कोर्स पूरा किया है. इसके साथ उन्होंने जापान और दक्षिण कोरिया में भारतीय दूतावासों में रक्षा अताशे के रूप में तैनात रहकर भारत के रक्षा संबंधों को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाई. वहीं ईस्टर्न एयर कमांड में ‘सीनियर एयर स्टाफ ऑफिसर’ का पद भी संभाला है.
उनके पास डिफेंस एंड स्ट्रेटेजिक स्टडीज में तीन पोस्टग्रेजुएट डिग्रियां हैं. उनकी सेवाओं के सम्मान में, वालिया को 2008 में ‘वायु सेना मेडल’ और 2018 में ‘अति विशिष्ट सेवा मेडल’ से सम्मानित किया गया था.
एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित की जगह लेंगे वालिया
एयर मार्शल इंद्रपाल सिंह वालिया वायुसेना उप प्रमुख के पद पर एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित की जगह लेंगे जो आज को भारतीय वायुसेना के 29वें प्रमुख के रूप में कमान संभालने जा रहे हैं. मौजूदा वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल एपी सिंह 42 सालों तक देश और भारतीय वायुसेना की सेवा करने के बाद आज सेवानिवृत्त हो रहे हैं.



