चीन की जूते की फैक्ट्री में अचानक से भीषण आग लगने से 28 लोगों की मौत हो गई. घटना पूर्वी फुजियान प्रांत के जिंजियांग शहर की बताई जा रही है. इससे पूरे इलाके में मातम पसर गया है. राहत और बचाव दल मौके पर मुस्तैदी से काम कर रहे हैं.

साउथ चाइना मॉर्निग पोस्ट की रिपोर्ट में बताया है कि यह भीषण आग दोपहर करीब 12:04 बजे चेंडाई टाउनशिप के जियांगटौ गांव में हुइतेंग शूज फैक्ट्री में लगी. देखते ही देखते आग ने इतना विकराल रूप ले लिया कि फैक्ट्री के भीतर मौजूद लोगों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला. चीन की सरकारी समाचार एजेंसी सिन्हुआ ने भी इस भयानक हादसे की पुष्टि की है.

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो फुटेज में इस हादसे का खौफनाक मंजर साफ देखा जा सकता है. फैक्ट्री की बिल्डिंग से आग की ऊंचीऊंची लपटें और काले धुएं का गुबार देखने को मिल रहा था. जान बचाने के लिए कई लोग फैक्ट्री की छत पर चढ़ गए थे और वहां से मदद के लिए हाथ हिलाकर इशारे कर रहे थे. चश्मदीदों की मानें तो इन फंसे हुए लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू हेलीकॉप्टर की भी मदद ली गई.

राष्ट्रपति ने जारी किये आदेश

राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने फंसे लोगों को निकालने और घायलों के इलाज के साथसाथ उनके परिवारों को हर मुमकिन मदद देने के सख्त आदेश दिए हैं. उन्होंने कहा है कि इस बात की तुरंत जांच हो कि आग कैसे लगी और जो भी दोषी हो उसे बख्शा न जाए. इस साल चीन में हुए कई बड़े हादसों का जिक्र करते हुए उन्होंने साफ कहा कि पूरे देश को इस त्रासदी से सबक लेना चाहिए.

देश के प्रधानमंत्री ली कियांग ने भी इस मामले पर तुरंत निर्देश जारी किए हैं. उन्होंने रेस्क्यू टीमों को किसी भी तरह के दूसरे खतरे को रोकने और हालात को संभालने की जिम्मेदारी दी है. इसके साथ ही चीन के आपातकालीन प्रबंधन मंत्रालय ने आग पर काबू पाने और फैक्ट्री में मौजूद लोगों की सही संख्या का जल्द से जल्द पता लगाने को कहा है. हालात को संभालने के लिए मंत्रालय की एक खास टीम को तुरंत जिंजियांग शहर भेजा गया है.

शू इंडस्ट्रीज का दिल माना जाता है ये शहर
साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट की रिपोर्ट में बताया है कि यह हादसा जिस चेंडाई इलाके में हुआ है. उसे जिंजियांग के शू इंडस्ट्रीज का दिल माना जाता है. यह इलाका दुनियाभर में स्पोर्ट्स शूज बनाने के लिए मशहूर है. जहां हर साल 1 अरब से ज्यादा जोड़ियां तैयार होती हैं. हैरान करने वाली बात यह है कि पूरी दुनिया में पहने जाने वाले हर 5 स्पोर्ट्स शूज में से 1 जूता इसी जिंजियांग शहर की फैक्ट्रियों में बनकर तैयार होता है. इससे यह हादसा इस पूरे उद्योग के लिए एक बहुत बड़ा झटका माना जा रहा है.