
Hyderabad News: आर्थिक तंगी के चलते बी.टेक (B.Tech) की पढ़ाई बीच में छोड़ने वाली 25 वर्षीय युवती के अपराध की दुनिया में कदम रखने की खौफनाक और हैरान कर देने वाली कहानी सामने आई है. पहचान छिपाने के लिए बुर्का पहनने और ताले तोड़ने के लिए हाथ से चलने वाली कटर/ड्रिल मशीन का इस्तेमाल करने वाली इस शातिर महिला चोर को उप्पल थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है.
पुलिस ने आरोपी युवती के कब्जे से करीब 70 लाख मूल्य के सोने-चांदी के गहने, नकदी और एक नया iPhone 17 बरामद किया है. शनिवार को मलकाजगिरि पुलिस आयुक्त (CP) सुमति ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इस अनोखी और हाईटेक चोरी के नेटवर्क का पर्दाफाश किया.
बंद मकान देखकर बनाया निशाना, 48 तोले सोने पर फेरा हाथ
उप्पल के न्यू भारतनगर निवासी गंगम भास्कर रेड्डी 26 अक्टूबर को अपने घर पर ताला लगाकर परिवार समेत कोमुरवेल्ली चले गए थे. उसी इलाके में रहने वाली 25 वर्षीय आरोपी पागा जया ने बंद मकान की रेकी की. रात के अंधेरे में उसने हाथ से चलने वाली मशीन से ताला काटा और घर में दाखिल होकर 48 तोला सोना, 1.5 किलोग्राम चांदी और 2 लाख नकद चुराकर रफूचक्कर हो गई.
पढ़ाई छूटी तो चुना क्राइम का रास्ता: बुर्का और हैंड-मशीन बनी पहचान
मूल रूप से भद्राद्री कोठागुडेम जिले के पलवांचा (हमाली कॉलोनी) की रहने वाली जया ने बी.टेक प्रथम वर्ष में दाखिला लिया था. लेकिन गंभीर आर्थिक तंगी के कारण उसे अपनी पढ़ाई बीच में ही छोड़नी पड़ी. 2023 में वह हैदराबाद आ गई और शिवकुमार नाम के व्यक्ति से शादी कर ली. जल्दी पैसा कमाने और ऐशो-आराम की जिंदगी जीने के लिए उसने बंद मकानों में चोरी करना शुरू कर दिया. पुलिस से बचने के लिए वह बुर्का पहनकर निकलती थी और अपने बैग में हाथ से चलने वाली ताला तोड़ने/काटने की मशीन रखती थी, ताकि बिना शोर किए मिनटों में ताले तोड़े जा सकें.
ये भी पढ़ें: और अनाथ हो गए 8 मासूम बच्चे पति ने पत्नी को चाकू से गोदकर मार डाला, फिर खुद भी लगाई फांसी, ये थी वजह
5 थानों में दर्ज थे केस, 70 लाख का माल और iPhone 17 बरामद
मलकाजगिरि सीपी सुमति ने बताया कि उप्पल, मेडिपल्ली, जगदगिरिगुट्टा और भद्राद्री कोठागुडेम टू-टाउन थाना क्षेत्रों में उसने कुल 5 बड़ी चोरियों को अंजाम दिया था. उप्पल पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस की मदद से जया को धर दबोचा. उसके पास से भारी मात्रा में सोने-चांदी के आभूषण, नकदी और चोरी के पैसों से खरीदा गया आईफोन 17 बरामद किया गया है. कोर्ट में पेशी के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.



