Featured Image

पंजाबी सुपरस्टार दिलजीत दोसांझ के दिल्ली कॉन्सर्ट (ऑरा इंडिया टूर) के दौरान एक शख्स की कहानी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है। इंस्टाग्राम अकाउंट @dhandhaonground पर शेयर किए गए वीडियो में युवक खुद बता रहा है कि उसने कॉन्सर्ट के बाहर पानी की बोतलें बेचकर महज दो घंटे में करीब 24 हजार रुपये कमा लिए।

बताया कैसे दो घंटे में की बिक्री

वीडियो में युवक उत्साहित अंदाज में कहता है कि कॉन्सर्ट की भारी भीड़ ने उसके धंधे को जबरदस्त मौका दिया। जेएलएन स्टेडियम के आसपास हजारों फैन्स जमा थे। पानी की डिमांड बहुत ज्यादा थी। उसने बोतलें ऊंचे दाम पर बेचीं और सेल धड़ाधड़ होती रही। दो घंटे में उसकी कमाई 24 हजार के आसपास पहुंच गई। वीडियो में युवक ने बताया कि उसने कितनी बोतलें बेचीं और किस रेट पर। भीड़ इतनी थी कि ग्राहक खुद आकर पानी ले रहे थे।

यूजर्स ने दी प्रतिक्रियाएं

सोशल मीडिया पर यूजर्स ने मिश्रित प्रतिक्रिया दी। कुछ ने युवक की मेहनत और मौके की समझदारी की तारीफ की, तो कुछ ने कहा कि कॉन्सर्ट में पानी इतने महंगे दाम पर बेचना सही नहीं। कई लोगों ने लिखा कि बड़े इवेंट्स में लोकल वेंडर्स को भी कमाई का मौका मिलना चाहिए।

एक यूजर ने ​लिखा कि, ‘भाई मैंने आपसे 1 बोतल खरीदी और मैं आपके वीडियो में 3 बार हूं। मैंने भी प्रॉफिट कमा लिया।’

दूसरे यूजर ने ​लिखा कि, ‘मैं अब अगली बार वही सेल करने आउंगा।’

तीसरे यूजर ने ​लिखा कि, ‘4-5 कॉन्सर्ट होने के बाद मनाली के टिकट पक्की।’

चौथे यूजर ने ​लिखा कि, ‘17760/- का प्रॉफिट।’

पांचवें यूजर ने ​लिखा कि, ‘एक बिज़नेस पेज जो रेवेन्यू और प्रॉफ़िट के बीच का फ़र्क नहीं समझता।’

छठे यूजर ने ​लिखा कि, ‘24000 की सेल हुई है प्रॉफिट नहीं।’

एक और यूजर ने ​लिखा कि, ’40 पैकेट मतलब 480 बोतल, 1 बोतल का प्राइस 13₹ है तो 480X13₹=6240₹ की पड़ी…..अब आते हैं प्रॉफिट पर 480X50₹=24000₹ – 6240₹= 17760₹ प्रॉफिट।’

एक अन्य यूजर ने ​IAS अधिकारी तुकाराम मुंढे को टैग करते हुए लिखा कि, ‘MRP से ज्यादा में बेच रहा है, एक्शन लो।।’


70 हजार की अनुमानित भीड़ का दावा

दिलजीत दोसांझ का दिल्ली कॉन्सर्ट 30 अक्टूबर 2026 को जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में हुआ था। इसमें लगभग 70 हजार फैन्स पहुंचे थे। इतनी बड़ी भीड़ में पानी, खाने-पीने की चीजों की मांग स्वाभाविक रूप से बढ़ जाती है। कई बार वेंडर्स इस मौके का फायदा उठाकर अच्छा मुनाफा कमा लेते हैं। इस वीडियो ने लोगों का ध्यान खींचा क्योंकि इतने कम समय में इतनी तगड़ी और गाढ़ी कमाई सुनकर कई यूजर्स हैरान रह गए।

गौरतलब है कि, इससे पहले एक शख्स ने बताया था पहाड़ों पर मैगी बेचकर कितने पैसे कमा सकते है?
ये वीडियो काफी वायरल हुआ था।