भारत ने कतर के फादर अमीर शेख हमद बिन खलीफा अल थानी के निधन पर एक दिन के राष्ट्रीय शोक की घोषणा की है. बीते रविवार यानी 12 जुलाई को 74 साल की उम्र में उनका निधन हुआ है. साल 1995 से साल 2013 तक वे कतर के शासक थे. इस समय उनके पुत्र अमीर शेख तमीम बिन हमद अलथानी कतर की गद्दी पर हैं. भारत सरकार ने आज यानी 13 जुलाई को राष्ट्रीय शोक की घोषणा की है. इस घोषणा के बाद सभी महत्वपूर्ण इमारतों पर राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा. कोई भी आधिकारिक मनोरंजन के कार्यक्रम नहीं होंगे.

आइए, इसी बहाने समझते हैं कि किसी विदेशी नेता की मृत्यु पर भारत राष्ट्रीय शोक कब और क्यों घोषित करता है? इसके नियम क्या हैं? शोक के दौरान क्याक्या होता है? और क्या बिल्कुल नहीं होता?
भारत किसी विदेशी नेता की मृत्यु पर हर बार राष्ट्रीय शोक घोषित नहीं करता. यह एक विशेष राजनयिक और संवेदनशील निर्णय होता है. राष्ट्रीय शोक का अर्थ है कि भारत सरकार उस दिवंगत व्यक्ति के प्रति सार्वजनिक रूप से सम्मान और दुख व्यक्त करती है. यह फैसला भारत के उस देश के साथ संबंधों, नेता के वैश्विक महत्व और उनके भारत के प्रति योगदान को देखते हुए लिया जाता है. राष्ट्रीय शोक केवल औपचारिकता नहीं है. यह भारत की विदेश नीति, मानवीय संवेदना और कूटनीतिक सम्मान का संदेश भी होता है.
राष्ट्रीय शोक क्या है?
राष्ट्रीय शोक पूरे देश की ओर से दुख प्रकट करने का सरकारी तरीका है. इसमें सरकार तय अवधि के लिए कुछ सम्मानजनक कदम उठाती है. सबसे प्रमुख कदम राष्ट्रीय ध्वज को आधा झुकाना होता है. राष्ट्रीय शोक के दौरान यह संदेश दिया जाता है कि दिवंगत व्यक्ति का भारत और दुनिया के लिए विशेष महत्व था. यह सम्मान भारतीय नेताओं, सामाजिक हस्तियों और कुछ विदेशी नेताओं को भी दिया जा सकता है. राष्ट्रीय शोक की घोषणा केंद्र सरकार करती है. सामान्य तौर पर गृह मंत्रालय, विदेश मंत्रालय और अन्य संबंधित विभाग इस निर्णय की प्रक्रिया में शामिल होते हैं.
फादर अमीर शेख हमद बिन खलीफा अल थानी.
भारत ऐसा क्यों करता है?
राष्ट्रीय शोक के पीछे कई कारण होते हैं. पहला कारण मानवीय संवेदना है. किसी बड़े नेता का निधन उनके देश के लिए गहरा दुख होता है. भारत उस दुख में भागीदारी दिखाता है. कूटनीतिक संबंध भी एक प्रमुख वजह है. जब भारत किसी मित्र देश के नेता के निधन पर शोक घोषित करता है, तो यह उस देश की जनता और सरकार के प्रति सम्मान का संकेत होता है. इससे द्विपक्षीय संबंधों में भरोसा बढ़ता है. कई विदेशी नेताओं ने भारत के साथ व्यापार, रक्षा, ऊर्जा, शिक्षा, संस्कृति या सुरक्षा के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाया होता है. उनकी मृत्यु पर राष्ट्रीय शोक उनके योगदान को स्वीकार करने का तरीका बनता है. यह निर्णय भारत की वसुधैव कुटुम्बकम् की सोच से भी जुड़ा है. इसका अर्थ है कि पूरी दुनिया एक परिवार है. भारत अक्सर वैश्विक दुख और संकट के समय सहानुभूति प्रकट करता है.
किसी विदेशी नेता की मृत्यु पर राष्ट्रीय शोक घोषित करने का कोई एक तय और अनिवार्य नियम नहीं है. हर मामले में भारत सरकार परिस्थितियों को अलग ढंग से देखती है. यह जरूरी नहीं कि किसी देश के हर पूर्व या वर्तमान प्रमुख के निधन पर भारत राष्ट्रीय शोक घोषित करे. यह सरकार का विवेकाधीन फैसला होता है.
भारत में राष्ट्रीय शोक होने पर तिरंगा आधा झुका रहता है.
एक दिन का शोक क्यों होता है?
विदेशी नेताओं के मामलों में भारत सरकार अक्सर एक दिन का राष्ट्रीय शोक घोषित करता है. इसकी अवधि हर मामले में अलग हो सकती है. अवधि तय करने का अधिकार केंद्र सरकार के पास होता है. एक दिन का शोक भारत की ओर से सम्मान का स्पष्ट और गरिमापूर्ण संकेत होता है. यह संबंधित देश के साथ भारत के रिश्तों की गंभीरता को दिखाता है. अधिक दिनों का शोक सामान्यतः भारत के वर्तमान या पूर्व शीर्ष संवैधानिक पदाधिकारियों के निधन जैसे मामलों में देखा जाता है.
VIDEO l Delhi: Qatar flag flown at halfmast at the Qatar Embassy after oneday national mourning was declared following the death of former Emir of Qatar Sheikh Hamad bin Khalifa AlThani.
— Press Trust of India July 13, 2026
राष्ट्रीय शोक में क्याक्या होता है?
राष्ट्रीय शोक की घोषणा के बाद सरकार एक औपचारिक आदेश जारी करती है. इसमें तारीख, अवधि और पालन किए जाने वाले निर्देश बताए जाते हैं. सामान्य तौर पर ये बातें शामिल होती हैं.
- राष्ट्रीय ध्वज आधा झुकता है: देशभर में उन स्थानों पर तिरंगा आधा झुकाया जाता है, जहां वह नियमित रूप से फहराया जाता है. इसमें प्रमुख सरकारी भवन और संस्थान शामिल हो सकते हैं. विदेश में स्थित भारतीय दूतावासों और उच्चायोगों के लिए भी अलग निर्देश दिए जा सकते हैं. कई मामलों में वहां भी राष्ट्रीय ध्वज आधा झुकाया जाता है. ध्वज को आधा झुकाना शोक और सम्मान का अंतरराष्ट्रीय प्रतीक माना जाता है. इसके लिए भारत के ध्वज नियमों का पालन किया जाता है.
- आधिकारिक मनोरंजन कार्यक्रम नहीं होते: राष्ट्रीय शोक की अवधि में सरकार के आधिकारिक मनोरंजन कार्यक्रम आयोजित नहीं किए जाते. जैसे सांस्कृतिक समारोह, उत्सव कार्यक्रम, सरकारी मनोरंजन आयोजन या औपचारिक उत्सव रोके जा सकते हैं. इसका उद्देश्य शोक की गरिमा बनाए रखना होता है. हालांकि, जरूरी प्रशासनिक कार्य चलते रहते हैं. अस्पताल, पुलिस, सुरक्षा, परिवहन और आवश्यक सेवाएं सामान्य रूप से काम करती हैं.
- शोक संदेश जारी किया जाता है: राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, विदेश मंत्री या अन्य वरिष्ठ नेता दिवंगत नेता के प्रति संवेदना व्यक्त कर सकते हैं. वे उस नेता के योगदान को याद करते हैं और संबंधित देश की जनता तथा परिवार के प्रति सहानुभूति प्रकट करते हैं. कई बार भारत का कोई मंत्री या विशेष प्रतिनिधि अंतिम संस्कार या श्रद्धांजलि समारोह में भी भेजा जाता है. यह कदम संबंधों की निकटता को दर्शाता है.
- राजनयिक स्तर पर संवेदना: भारत का विदेश मंत्रालय संबंधित देश के दूतावास या सरकार तक औपचारिक संदेश पहुंचाता है. भारत में उस देश के दूतावास पर जाकर भी संवेदना प्रकट की जा सकती है. भारत के राजदूत या उच्चायुक्त उस देश की सरकार से मिलकर भारत की ओर से शोक संदेश दे सकते हैं.
#WATCH | Delhi | National flag atop Rashtrapati Bhavan flies at half mast to mourn the passing away of His Highness Sheikh Hamad bin Khalifa AlThani, Father Amir of the State of Qatar, who passed away on July 12th pic.twitter.com/NOIwmvZCAb
— ANI July 13, 2026
क्या राष्ट्रीय शोक में छुट्टी होती है?
राष्ट्रीय शोक का मतलब हर बार सार्वजनिक अवकाश नहीं होता. लोग अक्सर मान लेते हैं कि राष्ट्रीय शोक घोषित होने पर स्कूल, बैंक और सरकारी कार्यालय बंद रहेंगे. यह जरूरी नहीं है. सार्वजनिक छुट्टी के लिए अलग सरकारी आदेश चाहिए होता है. राष्ट्रीय शोक के दौरान सामान्य प्रशासन और आवश्यक सेवाएं चल सकती हैं. साल 1997 के बाद शोक की घोषणा के साथ सार्वजनिक अवकाश अपनेआप अनिवार्य नहीं माना जाता.
यदि सरकार को उचित लगे, तो वह अलग से छुट्टी की घोषणा कर सकती है. लेकिन विदेशी नेता की मृत्यु पर घोषित एकदिवसीय शोक में आम तौर पर मुख्य रूप से ध्वज आधा झुकाना और आधिकारिक मनोरंजन कार्यक्रम रोकना शामिल होता है.
पहले किन प्रमुख विदशी हस्तियों के निधन पर रहा है राष्ट्रीय शोक?
भारत ने अतीत में कुछ विदेशी नेताओं के निधन पर राष्ट्रीय शोक घोषित किया है. ऐसे फैसले भारत के विशेष द्विपक्षीय संबंधों को दिखाते हैं.
- जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे की हत्या के बाद भारत ने एक दिन का राष्ट्रीय शोक घोषित किया था. आबे को भारत का करीबी मित्र माना जाता था. भारतजापान रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही थी.
- संयुक्त अरब अमीरात के राष्ट्रपति शेख खलीफा बिन जायद अल नाहयान के निधन पर भी भारत ने शोक घोषित किया था. भारत और यूएई के बीच व्यापार, निवेश, ऊर्जा और प्रवासी भारतीयों के कारण मजबूत संबंध हैं.
इब्राहिम रईसी. फोटो: X/@raisi_com
- ईरान के राष्ट्रपति इब्राहिम रईसी की हेलीकॉप्टर दुर्घटना में मृत्यु के बाद भी भारत ने एक दिन का राष्ट्रीय शोक रखा था. उस समय भारत ने भारतईरान संबंधों में उनके योगदान को याद किया था.



