Vlogger Sourav Joshi on E20: यूट्यूबर सौरव जोशी की ओर से E20 पेट्रोल को लेकर किए गए दावे के बाद MercedesBenz India ने अपनी स्थिति साफ कर दी है. कंपनी ने आधिकारिक सलाह जारी करते हुए कहा कि उसके सभी BS VI पेट्रोल वाहन E20 ईंधन के साथ पूरी तरह अनुकूल हैं और इन्हें इसी मानक को ध्यान में रखकर डिजाइन व टेस्ट किया गया है. हाल ही में सौरव जोशी ने एक वीडियो में दावा किया था कि उनकी MercedesBenz GLS में E20 पेट्रोल भरवाने के बाद माइलेज में उल्लेखनीय गिरावट देखने को मिली. इसके बाद सोशल मीडिया पर E20 पेट्रोल और उसकी परफॉर्मेंस को लेकर चर्चा तेज हो गई.

वहीं यूट्यूबर के आरोपों के बाद MercedesBenz India ने आधिकारिक बयान जारी करते हुए बताया, उसके सभी BS VI पेट्रोल मॉडल भारतीय ईंधन मानकों के अनुरूप तैयार किए गए हैं. कंपनी का कहना है कि इन वाहनों को E20 ईंधन के साथ सुरक्षित और सामान्य तरीके से चलाने के लिए व्यापक परीक्षणों से गुजारा गया है. कंपनी ने यह भी स्पष्ट किया कि केवल ईंधन के आधार पर किसी वाहन की माइलेज का आकलन करना सही नहीं होगा, क्योंकि इसके पीछे कई अन्य कारण भी जिम्मेदार हो सकते हैं.

माइलेज पर किन बातों का पड़ता है असर?
MercedesBenz ने अपनी सलाह में बताया कि किसी भी वाहन की ईंधन दक्षता कई परिस्थितियों पर निर्भर करती है. इनमें सड़क और ट्रैफिक की स्थिति, रास्ते का प्रकार, वाहन पर मौजूद वजन, समय पर सर्विस, टायरों में सही एयर प्रेशर और ड्राइविंग का तरीका जैसे कई पहलू शामिल हैं. कंपनी के अनुसार, इन सभी कारकों का सीधा असर वाहन के माइलेज और ओवरऑल परफॉर्मेंस पर पड़ता है.

यूट्यूबर ने वीडियो में शेयर किया अपना अनुभव
उत्तराखंड के हल्द्वानी के रहने वाले मशहूर यूट्यूबर सौरव जोशी ने इथेनॉल पेट्रोल को लेकर अपनी लग्जरी MercedesBenz SUV की माइलेज को लेकर सवाल खड़े किए हैं. सौरव ने दावा किया है कि महज दो दिनों के भीतर उनकी कार का माइलेज तेजी से गिर गया, जिससे उन्हें अब इंजन की स्थिति को लेकर चिंता होने लगी है. उनका यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. करीब 4.1 करोड़ सब्सक्राइबर्स वाले इस यूट्यूबर ने बताया कि कुछ समय पहले तक उनकी SUV करीब 17 किलोमीटर प्रति लीटर का एवरेज दिखा रही थी.

इंजन की सेहत को लेकर बढ़ी चिंता
हालांकि, उनके मुताबिक इसके बाद माइलेज पहले घटकर करीब 9 किलोमीटर प्रति लीटर पर पहुंचा और अब डैशबोर्ड पर सिर्फ 5 किलोमीटर प्रति लीटर का एवरेज दिखाई दे रहा है. इतनी तेज गिरावट ने उन्हें हैरान कर दिया. वीडियो में सौरव ने कहा कि माइलेज में आई इस अप्रत्याशित कमी के बाद उन्हें कार के इंजन और उसकी ओवरऑल परफॉर्मेंस की चिंता होने लगी है. उनका मानना है कि इतनी कम अवधि में एवरेज का इस तरह गिरना सामान्य नहीं लगता, इसलिए वह इसकी वजह जानना चाहते हैं.

E20 पेट्रोल को लेकर क्यों शुरू हुई चर्चा?
दरअसल, सौरव जोशी के वीडियो के बाद कई लोगों ने सोशल मीडिया पर सवाल उठाए कि क्या E20 पेट्रोल से लग्जरी कारों की परफॉर्मेंस या माइलेज प्रभावित होता है. बढ़ती चर्चाओं के बीच MercedesBenz India ने आधिकारिक बयान जारी कर साफ किया कि उसके BS VI पेट्रोल वाहन E20 ईंधन के साथ पूरी तरह संगत हैं और ग्राहकों को इस संबंध में किसी तरह की चिंता करने की जरूरत नहीं है. कई यूजर्स ने माइलेज कम होने के पीछे ड्राइविंग स्टाइल, ट्रैफिक, एसी के इस्तेमाल और सर्विसिंग जैसे कारण बताए, जबकि कुछ लोगों ने कार की तकनीकी जांच कराने की सलाह दी.