गलती से एसिड पी जाए तो शरीर में क्या होता है? ये सवाल इसलिए उठ रहा है क्योंकि हापुड़ में ज्वैलरी शॉप में बैठी एक लड़की ने गलती से पानी समझकर एसिड को पी लिया. बताया जा रहा है कि लड़की ने जिस बोतल से पानी पीया उसमें पहले से एसिड मिला हुआ था. छोटी सी ये गलती उसे अस्पताल ले गई जहां उसकी कंडीशन गंभीर बताई जा रही है. ऐसा अक्सर होता है और इस सिचुएशन में तुरंत क्या करना चाहिए ये बहुत कम लोग जानते हैं. टीवी9 ने डॉक्टर नूपुर जैन से खास बातचीत की.

एक्सपर्ट का कहना है कि अगर किसी ने गलती से एसिड या टॉयलेट क्लीनर पी लिया है तो सबसे पहले उस इंसान को पैनिक नहीं करना चाहिए. इसको हल्के में भी नहीं लेना है.

क्या है एसिड पीने का पूरा मामला

लड़की के एसिड पीने का मामला हापुड़ के शाम नगर कोतवाली क्षेत्र के अर्जुन नगर का है. सीसीटीवी फुटेज में देखा गया कि महिला और उसकी लड़की ज्वैलरी खरीदने के लिए दुकान पर आए थे. पीड़ित लड़की ने प्यास लगने पर दुकानदार से पानी मांगा. दुकानदार पर आरोप है कि उसे पानी में तेजाब मिली हुई बोतल उसे थमा दी. बताया जा रहा है कि ज्वैलरी शॉप मालिक ने पास की कन्फेक्शनरी शॉप से एक ब्रांड की बोलत मंगाई.

कर्मचारी ने यही बोतल युवती को दी. उसने तेज प्यास के चलते बोलत खोली और पानी समझकर पी लिया. लड़की को इसे पीते ही अजीब लगा और उसकी चीख निकल गई. तबीयत बिगड़ने पर लड़की को नजदीक के अस्पताल ले जाया गया.

गलती से एसिड पी लिया जाए तो क्या होता है?

एसिड पी जाने से मुंह, गला, फूड पाइप और यहां तक की हमारा पेट भी जल सकता है. इसके लक्षण जलन, निकलने में तकलीफ, बहुत ज्यादा थूक आना, उल्टियां लगना, खून की उल्टी, पेट में दर्द और अगर गला सूज गया है तो सांस लेने में भी तकलीफ हो सकती है.

तुरंत क्या करना है

  1. सबसे पहले थोड़ाथोड़ा पानी पिएं और नजदीकी अस्पताल में जाना है.
  2. हमें उल्टी करने की कोशिश नहीं करनी है क्योंकि लोग सोचते हैं कि अंदर गए एसिड को ऐसे निकाला जा सकता है. इससे और नुकसान हो सकता है. इस कंडीशन में फिर से एसिड फूड पाइप में जाकर बर्न को सीवियर कर सकता है.
  3. इस कंडीशन में बेकिंग सोडा, नींबू जैसी चीजें नहीं देनी चाहिए, लोग एसिड को न्यूट्रिलाइज करने की कोशिश करते हैं. ऐसा करने पर केमिकल रिएक्शन से और बर्न हो सकता है.
  4. पेशेंट बेहोश है या फिर कुछ निगल नहीं पा रहा है तो उसे तुरंत अस्पताल ले जाना चाहिए.
  5. सबसे जरूरी है कि एसिड को निगलना एक बेहद बिगड़ी हुई मेडिकल कंडीशन है.