Featured Image

मध्य प्रदेश के जबलपुर से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने रिश्तों और दोस्ती दोनों को सवालों के घेरे में खड़ा कर दिया है. यहां दो लड़कियों के बीच की दुश्मनी का असर दो ममेरे भाइयों के रिश्ते पर भी पड़ गया. बात इतनी बढ़ी कि एक भाई ने दूसरे की जान लेने तक का फैसला कर लिया.

आरोप है कि गर्लफ्रेंड की एक बात सुनकर युवक गुस्से से बेकाबू हो गया और उसने तेज रफ्तार कार से अपने ही ममेरे भाई और उसकी नाबालिग दोस्त को कुचल दिया. इस हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई. आइए समझते हैं कि आखिर पूरा मामला क्या है और दो लड़कियों की आपसी दुश्मनी ने कैसे दो जिंदगियां छीन लीं.

दो लड़कियों की दुश्मनी

जबलपुर के बेलखेड़ा क्षेत्र में हुई इस घटना की वजह पुलिस की शुरुआती पड़ताल में सामने आई है. पाटन में रहने वाले अनिल सिंह और प्रशांत सिंह का आपस में पारिवारिक रिश्ता था. दोनों एक ही ननिहाल पक्ष से जुड़े थे. इसी दौरान उनकी दोस्ती आसपास रहने वाली दो नाबालिग लड़कियों से हो गई. मगर उन दोनों लड़कियों के बीच बिल्कुल नहीं बनती थी. एक-दूसरे के प्रति उनके मन में इतनी नाराजगी थी कि वे न तो बातचीत करना चाहती थीं और न ही एक-दूसरे को देखना पसंद करती थीं.

अनिल और प्रशांत में क्यों आई दरार

दोनों लड़कियों ने अपने करीबियों के सामने भी यह शर्त रख दी थी कि वे एक-दूसरे से किसी तरह का कॉन्टैक्ट न रखें. उनकी इस खींचतान का असर अनिल और प्रशांत के आपसी संबंधों पर भी दिखने लगा. ममेरे भाई होने के बावजूद दोनों के बीच दूरियां बढ़ती चली गईं. नौबत यहां तक आ गई कि किसी समारोह में अचानक सामना हो जाने पर भी वे एक-दूसरे से नजरें मिलाने या बात करने से बचते थे.

क्यों बढ़ा विवाद?

उस दिन प्रशांत अपनी गर्लफ्रेंड के साथ बेलखेड़ा में मौजूद था. इसी बीच अनिल का छोटा भाई भी वहां पहुंच गया. उसने प्रशांत को समझाने की कोशिश की कि वह अनिल के साथ चल रहे मनमुटाव को खत्म कर दे और फिर से रिश्ते सामान्य कर ले. लेकिन प्रशांत इसके लिए तैयार नहीं हुआ. उसका कहना था कि उसकी दोस्त की रजामंदी के बिना वह अनिल से दोबारा मेलजोल नहीं बढ़ाएगा. इसी बात को लेकर दोनों के बीच बहस होने लगी. बातचीत के दौरान अनिल के छोटे भाई ने तेज आवाज में जवाब दिया, जिससे प्रशांत नाराज हो गया. गुस्से में उसने पहले उसका हाथ पकड़कर मरोड़ा और फिर उसे थप्पड़ जड़ दिया.

गर्लफ्रेंड की बात सुनकर आगबबूला हुआ अनिल

जानकारी के मुताबिक, उस वक्त अनिल वारदात वाली जगह से लगभग पांच किलोमीटर की दूरी पर अपनी प्रेमिका के साथ कार में था. छोटे भाई का फोन आते ही उसे प्रशांत के साथ हुए झगड़े के बारे में पता चला. भाई ने बताया कि प्रशांत उसकी बात मानने को तैयार नहीं है और उसके साथ हाथापाई भी कर चुका है. यह सब सुनने के बाद अनिल की प्रेमिका ने भी टिप्पणी करते हुए कहा कि जब तुम्हारा अपना भाई ही तुम्हारी बात नहीं मान रहा तो फिर क्या फायदा. उसकी यह बात अनिल को और भड़का गई. आरोप है कि इसके बाद वह गुस्से में कार लेकर वहां पहुंचा. गाड़ी की रफ्तार करीब 150 किलोमीटर प्रति घंटा बताई जा रही है. उसने सड़क के पास खड़े प्रशांत और उसकी नाबालिग साथी को अपनी कार की चपेट में ले लिया. टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया.

पुलिस ने क्या कार्रवाई की?

घटना के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अनिल के नाबालिग भाई को अपनी हिरासत में ले लिया है. हालांकि, इस दोहरी हत्या का मुख्य आरोपी अनिल सिंह अभी पुलिस की पकड़ से बाहर है. उसकी गिरफ्तारी के लिए तलाश की जा रही है. एसपी संपत उपाध्याय ने बताया कि अब तक की पड़ताल में दोनों पक्षों के बीच पहले से चला आ रहा विवाद सामने आया है. साथ ही, दोनों लड़कियों के बीच आपसी मनमुटाव को भी इस खूनी वारदात की संभावित वजह माना जा रहा है. पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की छानबीन कर रही है.