
आगरा: उत्तर प्रदेश के आगरा में एक कॉलेज छात्रा को गैंगस्टर के नाम से धमकाकर दोस्ती करने और फिर लाखों रुपये वसूलने का मामला सामने आया है। आरोप है कि स्कूल में साथ पढ़ने वाले युवक ने पहले छात्रा से नजदीकियां बढ़ाने की कोशिश की। जब उसने इनकार किया तो उसकी इंस्टाग्राम आईडी पर दिल्ली के गोगी गैंग के नाम से धमकी भरे मैसेज आने लगे। मैसेज में कहा गया कि जिंदा रहना है तो उसी लड़के से दोस्ती करो, उसके साथ फिल्म देखने और घूमने जाओ।
छात्रा का आरोप है कि इसी डर का फायदा उठाकर युवक ने करीब चार साल तक उसे ब्लैकमेल किया और लगभग 20 लाख रुपये ले लिए। इतना ही नहीं, उसके आधार कार्ड पर लोन लेने और निजी फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी देने का भी आरोप है। पीड़िता की शिकायत पर लोहामंडी पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
स्कूल में साथ पढ़ते थे दोनों, कॉलेज में बढ़ाना चाहता था नजदीकियां
जानकारी के मुताबिक पीड़िता आगरा के लोहामंडी इलाके की रहने वाली है। उसने साल 2022 में एमजी रोड स्थित एक कॉलेज में बीकॉम में एडमिशन लिया था। इसी कॉलेज में गजानन नगर निवासी मनन बंसल ने भी दाखिला लिया। दोनों पहले नौवीं कक्षा से एक-दूसरे को जानते थे और स्कूल में साथ पढ़ चुके थे।
छात्रा के मुताबिक कॉलेज में आने के बाद मनन उससे दोस्ती और नजदीकियां बढ़ाने की कोशिश करने लगा। जब उसने इस बात की शिकायत मनन की बड़ी बहन से की तो कुछ दिनों तक वह उससे दूर रहा। लेकिन करीब एक महीने बाद छात्रा की इंस्टाग्राम आईडी पर धमकी भरे मैसेज आने शुरू हो गए।
इंस्टाग्राम पर आया गोगी गैंग के नाम से मैसेज
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि इंस्टाग्राम पर दिल्ली के गोगी गैंग के सदस्यों के नाम से मैसेज भेजे गए थे। इनमें मनन बंसल का नाम लिखकर उसके साथ दोस्ती करने, घूमने जाने और फिल्म देखने का दबाव बनाया गया। बात नहीं मानने पर छात्रा और उसके परिवार को नुकसान पहुंचाने की धमकी दी गई। मैसेज देखकर छात्रा घबरा गई। उसने मनन से पूछा कि आखिर गैंगस्टर के नाम से उसे ऐसी धमकियां क्यों मिल रही हैं।
छात्रा के मुताबिक मनन ने जवाब दिया कि वह भी इन मैसेज से परेशान है। उसने दावा किया कि उसके एक दोस्त ने गैंग के लोगों को इस बारे में बताया होगा और वे उसकी सुरक्षा के लिए ऐसा कर रहे हैं। उसने छात्रा को भरोसा दिलाया कि वह उसे कुछ नहीं होने देगा।
दोस्ती के बाद शुरू हुआ ब्लैकमेल, चार साल में करीब 20 लाख लेने का आरोप
छात्रा का आरोप है कि डर की वजह से उसने मनन से बातचीत और मेलजोल शुरू किया, लेकिन इसके बाद युवक ने उसका आर्थिक शोषण करना शुरू कर दिया। उसने अलग-अलग बहानों से रुपये मांगने शुरू किए। पीड़िता के मुताबिक, करीब चार साल के दौरान उसने कई बार में लगभग 20 लाख रुपये दे दिए। इसमें 10 से 12 लाख रुपये अलग-अलग बैंक खातों में भेजे गए, जबकि करीब आठ लाख रुपये नकद दिए जाने का दावा है। छात्रा का कहना है कि वह लगातार धमकियों से परेशान थी और रुपये देने के लिए अलग-अलग जगहों से इंतजाम करती रही। इसके बावजूद आरोपी की मांगें बंद नहीं हुईं।
आधार कार्ड पर लिया लोन, बैंक और सोशल मीडिया अकाउंट भी इस्तेमाल किए
पीड़िता ने युवक पर अपने दस्तावेजों और ऑनलाइन खातों का गलत इस्तेमाल करने का भी आरोप लगाया है। शिकायत के मुताबिक, मनन ने उसके आधार कार्ड के जरिए 16 हजार रुपये का लोन ले लिया, जिसकी किस्तें अभी बकाया हैं। इसके अलावा आधार और पैन कार्ड की कॉपी का दूसरी जगह इस्तेमाल करने तथा उसके दस्तावेजों से सिम कार्ड लेने का भी आरोप है।
छात्रा ने पुलिस को बताया कि उसके यूपीआई अकाउंट की लॉगिन आईडी और पासवर्ड भी युवक के पास थे। आरोप है कि उसने छात्रा के नाम से उसके रिश्तेदारों और परिचितों से भी रुपये उधार लिए। अब वे लोग रकम वापस मांग रहे हैं, जिससे उसकी परेशानी और बढ़ गई है।
फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी, पढ़ाई भी छोड़नी पड़ी
पीड़िता के मुताबिक, जब उसके पास आरोपी को देने के लिए रुपये नहीं बचे तो उसने बदनाम करने की धमकी देना शुरू कर दिया। छात्रा का आरोप है कि मनन उसके निजी फोटो और वीडियो रिश्तेदारों तथा परिचितों को भेजने की धमकी देता था। वह खुदकुशी करके छात्रा और उसके परिवार को कानूनी मामले में फंसाने की बात भी कहता था।
पीड़िता ने यह भी दावा किया कि आरोपी उसे गैंग के लोगों के नाम पर डराता रहा। लगातार धमकियों और मानसिक दबाव के कारण उसने बीच सत्र में अपनी पढ़ाई छोड़ दी। डर की वजह से उसने घर से बाहर निकलना भी कम कर दिया था।
लोहामंडी पुलिस ने दर्ज किया केस, सबूत जुटाने में लगी टीम
लंबे समय तक कथित धमकियां और ब्लैकमेलिंग झेलने के बाद छात्रा ने पुलिस से शिकायत की। मामला पुलिस आयुक्त दीपक कुमार तक पहुंचने के बाद लोहामंडी थाने में आरोपी मनन बंसल के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई।
एसीपी लोहामंडी गौरव सिंह के मुताबिक, छात्रा की शिकायत में कई गंभीर आरोप लगाए गए हैं। पुलिस ने मामले में साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



