पंजाब के पटियाला में भाखड़ा नहर पर बना पुल अचानक टूट गया. सरदन बाईपास पर गांव पसियाना के पास जब पुल से ट्रक गुजर रहे थे, तभी अचानक पुल का एक हिस्सा ढह गया. पुल टूटने के कारण वहां से गुजर रहे रेत से भरे दो ट्रक पुल के मलबे में ही धंस गए. इस हादसे के दौरान एक ट्रक में अचानक आग लग गई, जिससे मौके पर अफरातफरी मच गई. घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और फायर कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद ट्रक में लगी आग पर काबू पाया.

पुल टूटने के कारण भाखड़ा नहर का पानी पुल के ऊपर से बहने लगा. घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन, पुलिस और बचाव टीमें मौके पर पहुंच गईं. सुरक्षा के मद्देनजर पुल के दोनों तरफ वाहनों की आवाजाही रोक दी गई है. फिलहाल ट्रकों में सवार लोगों की संख्या और उनकी हालत को लेकर आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है. अभी तक किसी के हताहत होने की पुष्टि नहीं हुई है.

2016 में हुआ था तैयार

गौरतलब है कि यह पुल साल 2016 में अकालीभाजपा सरकार के कार्यकाल के दौरान बनाया गया था. इसका निर्माण नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया ने किया था. यह मार्ग चंडीगढ़पटियालाबठिंडा लाइन को आपस में जोड़ता है और संगरूर बाईपास से ठीक पहले आता है. फिलहाल पुल टूटने के असली कारणों का पता नहीं चल सका है, लेकिन करीब 10 साल पहले बने इस पुल के अचानक ढह जाने से निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो रहे हैं.

रोकी गई आवाजाही

हादसे के बाद इलाके में दहशत का माहौल है. प्रशासन और बचाव टीमें मौके पर मौजूद हैं. हादसे में किसी के हताहत होने या ट्रक चालकों के घायल होने के संबंध में प्रशासन की ओर से आधिकारिक जानकारी का इंतजार किया जा रहा है. फिलहाल पुल पर वाहनों की आवाजाही रोक दी गई है और लोगों को वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करने की सलाह दी जा रही है.

उठे कई सवाल

अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि करीब दस साल पहले बना यह पुल आखिर इतनी जल्दी कैसे टूट गया? क्या पुल के निर्माण में कोई कमी थी या समय रहते इसकी मरम्मत और जांच नहीं की गई? फिलहाल यह जांच का विषय है. प्रशासन की ओर से लोगों को इस रास्ते से बचने और वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करने की सलाह दी जा रही है. इस हादसे से जुड़ी हर नई अपडेट हम आप तक पहुंचाते रहेंगे.

रिपोर्ट इंद्रपाल, पटियाला