पाकिस्तान के मंत्री मुसादिक मलिक के भारत दौरे को लेकर उठ रहे सवालों के बीच विदेश मंत्रालय ने अपना पक्ष साफ कर दिया है. मंत्रालय ने कहा है कि भारत में आयोजित हो रहे पहले SCO सिविलाइजेशनल डायलॉग के लिए संगठन के सभी सदस्य देशों को न्योता भेजा गया था. इसमें पाकिस्तान भी शामिल है.

विदेश मंत्रालय के मुताबिक, यह किसी एक देश के साथ होने वाली द्विपक्षीय बैठक नहीं है, बल्कि शंघाई सहयोग संगठन के तहत आयोजित एक बहुपक्षीय कार्यक्रम है. इसलिए इसमें संगठन के सभी सदस्य देशों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए निमंत्रण भेजा गया है. विदेश मंत्रालय ने यह भी स्पष्ट किया कि इस कार्यक्रम में सिर्फ सदस्य देशों को ही नहीं, बल्कि SCO के पर्यवेक्षक देशों और डायलॉग पार्टनर्स को भी आमंत्रित किया गया है.

राजनीतिक बयानबाजी शुरू हो गई थी

मंत्रालय के इस बयान को पाकिस्तान के मंत्री की भारत यात्रा को लेकर कांग्रेस और विपक्षी नेताओं की ओर से उठाए जा रहे सवालों के जवाब के तौर पर देखा जा रहा है. दरअसल, पाकिस्तान के मंत्री को भारत आने का न्योता दिए जाने पर राजनीतिक बयानबाजी शुरू हो गई थी. ऐसे में MEA ने साफ किया कि यह किसी एक देश के साथ भारत के संबंधों से जुड़ा मामला नहीं है, बल्कि एक अंतरराष्ट्रीय संगठन के कार्यक्रम का हिस्सा है.

PM मोदी आज SCO डायलॉग का उद्घाटन करेंगे

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार शाम नई दिल्ली के ऐतिहासिक पुराना किला में पहले SCO सिविलाइजेशनल डायलॉग का उद्घाटन करेंगे. यह कार्यक्रम 20 से 22 नवंबर तक आयोजित किया जाएगा. इसमें SCO से जुड़े सदस्य देशों के प्रतिनिधि हिस्सा लेंगे. इस आयोजन का उद्देश्य सदस्य देशों के बीच सभ्यता, संस्कृति, इतिहास और आपसी सहयोग से जुड़े मुद्दों पर बातचीत को बढ़ावा देना है. SCO के मंच पर भारत समेत कई देश क्षेत्रीय सहयोग और आपसी संबंधों को मजबूत करने के लिए चर्चा करते हैं.

सुप्रिया श्रीनेत ने उठाया सवाल?

कांग्रेस नेता सुप्रिया श्रीनेत ने पाकिस्तान के मंत्री मुसादिक मलिक को भारत बुलाए जाने पर सवाल उठाए हैं. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पाकिस्तान से बातचीत करने, उसके नेताओं को न्योता देने और उनकी मेजबानी करने को तैयार हैं, जबकि पाकिस्तान हमारे निर्दोष नागरिकों की हत्या कर रहा है और सुरक्षा बलों पर हमले कर रहा है.

So Modi is willing to interact, invite, host Pakistan while they kill our innocent civilians and attack our security forces? Shameless, spineless compromised Prime Minister.

— Supriya Shrinate November 20, 2026

SCO में कौनकौन से देश शामिल हैं?

शंघाई सहयोग संगठन एक अंतरराष्ट्रीय संगठन है, जिसकी शुरुआत क्षेत्रीय सुरक्षा, आर्थिक सहयोग और सदस्य देशों के बीच बेहतर संबंध बनाने के उद्देश्य से हुई थी. भारत और पाकिस्तान दोनों इसके सदस्य हैं. ऐसे में संगठन के तहत होने वाले बहुपक्षीय कार्यक्रमों में दोनों देशों को आमंत्रित किया जाना संगठन की सदस्यता और कार्यक्रम की प्रकृति से जुड़ा है. विदेश मंत्रालय के ताजा बयान से यह स्पष्ट करने की कोशिश की गई है कि पाकिस्तान के मंत्री को भेजा गया निमंत्रण किसी विशेष द्विपक्षीय पहल का हिस्सा नहीं, बल्कि SCO के सभी सदस्य देशों को आमंत्रित करने की प्रक्रिया के तहत था. फिलहाल इस दौरे को लेकर राजनीतिक चर्चा जारी है.