दिल्ली की एक अदालत ने पत्नी की हत्या के मामले में 24 वर्षीय अमन को उम्रकैद की सजा सुनाई है। टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार, अदालत ने 19 नवंबर को सजा सुनाई और आरोपी पर 10 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया।

यह घटना 25 फरवरी 2025 की है। पुलिस के मुताबिक, उस दिन आरोपी खुद हर्ष विहार थाने पहुंचा और ड्यूटी अधिकारी को बताया कि उसने अपनी पत्नी की हत्या कर दी है। इसके बाद पुलिस टीम नंद नगरी स्थित घर पहुंची, जहां महिला मृत अवस्था में मिली। उसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

पुलिस जांच में आरोप लगाया गया कि पति को पत्नी के कथित संबंध को लेकर शक था और इसी विवाद के दौरान उसने गला दबाकर हत्या की। पुलिस ने वैज्ञानिक, फॉरेंसिक और मेडिकल सबूत जुटाकर चार्जशीट दाखिल की थी। अदालत ने अक्टूबर 2026 में आरोपी को दोषी ठहराया।

अभियोजन पक्ष ने मृत्युदंड की मांग की थी, लेकिन अदालत ने मामले को दुर्लभतम श्रेणी में नहीं माना। अदालत ने आरोपी की उम्र और पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड न होने जैसे पहलुओं पर विचार किया। साथ ही, दंपति की नाबालिग बेटी के लिए पर्याप्त मुआवजा सुनिश्चित करने का निर्देश जिला विधिक सेवा प्राधिकरण को दिया गया।