Toyota Innova Hycross Facelift vs Mahindra XUV 7XO: अगर आपकी फैमिली बड़ी है और आप नई 7सीटर कार खरीदने की सोच रहे हैं, तो Toyota Innova Hycross Facelift और Mahindra XUV 7XO आपके लिए दो अच्छे ऑप्शन हो सकते हैं. टोयोटा अपनी अपडेटेड Innova Hycross को 25 नवंबर 2026 को भारत में लॉन्च करने की तैयारी कर रही है. वहीं, महिंद्रा ने XUV 7XO को जनवरी 2026 में लॉन्च किया था. दोनों गाड़ियों में दमदार इंजन, आरामदायक सीटें और कई आधुनिक फीचर्स मिलते हैं. हालांकि, दोनों की खूबियां अलग हैं. आइए जानते हैं कि आपके परिवार के लिए कौन सी गाड़ी ज्यादा सही रहेगी.

डिजाइन में कौन सी कार है बेहतर?
Toyota Innova Hycross Facelift के बाहरी डिजाइन में कई बदलाव देखने को मिल सकते हैं. इसमें नई LED लाइट्स, बदली हुई फ्रंट ग्रिल, नए बंपर और अलॉय व्हील्स मिलने की उम्मीद है. हालांकि, गाड़ी का डायमेंशन पहले जैसा ही रह सकता है. दूसरी तरफ Mahindra XUV 7XO का लुक ज्यादा स्पोर्टी और SUV जैसा है. इसमें नई ग्रिल, BiLED प्रोजेक्टर हेडलाइट्स, LED टेललाइट्स और 19 इंच तक के अलॉय व्हील्स मिलते हैं.
इंजन और माइलेज में कौन आगे?
Innova Hycross में फिलहाल 2.0 लीटर पेट्रोल इंजन मिलता है, जो 171 bhp की पावर और 204 Nm का टॉर्क देता है. इसका स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड मॉडल पेट्रोल इंजन और इलेक्ट्रिक मोटर की मदद से कुल 181 bhp की पावर देता है. कंपनी के मुताबिक, हाइब्रिड मॉडल 23.24 किलोमीटर प्रति लीटर तक का माइलेज देता है. फेसलिफ्ट में भी यही इंजन मिलने की उम्मीद है.
वहीं, Mahindra XUV 7XO में 2.0 लीटर टर्बो पेट्रोल इंजन मिलता है, जो 200 bhp और 380 Nm का टॉर्क देता है. इसका 2.2 लीटर डीजल इंजन 182 bhp की पावर और 420 से 450 Nm तक का टॉर्क देता है. इसमें मैनुअल और ऑटोमैटिक गियरबॉक्स के विकल्प मिलते हैं. डीजल ऑटोमैटिक में ऑलव्हील ड्राइव का ऑप्शन भी है.
फीचर्स में कौन मारेगा बाजी?
नई Innova Hycross में 12.3 इंच की टचस्क्रीन और 12.3 इंच का डिजिटल ड्राइवर डिस्प्ले मिलने की उम्मीद है. मौजूदा मॉडल में पैनोरमिक सनरूफ, आगे वेंटिलेटेड सीटें, JBL साउंड सिस्टम और दूसरी लाइन में पैर फैलाकर बैठने की सुविधा वाली सीटें मिलती हैं.
Mahindra XUV 7XO में तीन 12.3 इंच की स्क्रीन, वायरलेस Android Auto और Apple CarPlay मिलता है. महंगे वैरिएंट में 16 स्पीकर वाला Harman Kardon साउंड सिस्टम, आगे और दूसरी लाइन में वेंटिलेटेड सीटें, पैनोरमिक सनरूफ और 540 डिग्री कैमरा दिया गया है.
बड़ी फैमिली के लिए किसमें ज्यादा जगह?
Innova Hycross की लंबाई 4,755mm और व्हीलबेस 2,850mm है। इसमें 7 और 8 सीटों के ऑप्शन मिलते हैं. वहीं, XUV 7XO की लंबाई 4,695mm और व्हीलबेस 2,750mm है. इसकी चौड़ाई 1,890mm है, जो Hycross से ज्यादा है. इसमें 6 और 7 सीटों के विकल्प उपलब्ध हैं. Innova Hycross लंबाई और व्हीलबेस में आगे है. इसकी तीसरी लाइन तक पहुंचना भी आसान है. दूसरी तरफ XUV 7XO की तीसरी लाइन बड़े लोगों के लिए लंबे सफर में थोड़ी तंग पड़ सकती है. तीनों लाइन की सीटें इस्तेमाल करने पर सामान रखने की जगह भी सीमित रहती है.
सेफ्टी में कौन ज्यादा दमदार?
दोनों गाड़ियों को Bharat NCAP क्रैश टेस्ट में 5स्टार सेफ्टी रेटिंग मिली है. Innova Hycross को बड़ों की सुरक्षा में 32 में से 30.47 और बच्चों की सुरक्षा में 49 में से 45 अंक मिले हैं.वहीं, XUV 7XO ने बड़ों की सुरक्षा में 30.76 और बच्चों की सुरक्षा में 44.97 अंक हासिल किए हैं. दोनों में छह एयरबैग और गाड़ी को फिसलने से बचाने वाले फीचर्स मिलते हैं. महंगे वैरिएंट में ADAS जैसे एडवांस सेफ्टी फीचर्स भी दिए गए हैं.
कीमत में कौन सी कार पड़ेगी सस्ती?
Toyota Innova Hycross की मौजूदा शुरुआती एक्सशोरूम कीमत 18.70 लाख रुपये है. हालांकि, फेसलिफ्ट मॉडल की कीमत 25 नवंबर को लॉन्च के समय सामने आने की उम्मीद है. दूसरी तरफ Mahindra XUV 7XO की एक्सशोरूम कीमत 13.99 लाख से 25.79 लाख रुपये के बीच है.



