सर्दियां शुरू होते ही सुबह और रात के समय सड़कों पर कोहरा छाने लगता है. कई बार कोहरा इतना घना होता है कि ड्राइवर को कुछ मीटर आगे की सड़क भी साफ दिखाई नहीं देती. खासकर हाईवे और एक्सप्रेसवे पर ऐसी स्थिति ज्यादा खतरनाक हो सकती है, क्योंकि यहां गाड़ियां तेज रफ्तार से चलती हैं. ऐसे में अचानक सामने कोई वाहन आ जाए तो हादसे का खतरा बढ़ जाता है. इसलिए अगर आप भी सर्दियों में सुबह ऑफिस जाते हैं या रात में कार से सफर करते हैं, तो घर से निकलने से पहले कुछ जरूरी तैयारियां जरूर कर लें.

कार की सभी लाइट्स चेक करें

कोहरे में सुरक्षित ड्राइविंग के लिए कार की लाइट्स का सही तरीके से काम करना जरूरी है. इसलिए निकलने से पहले हेडलाइट, टेललाइट, इंडिकेटर और फॉग लैंप चेक करें. अगर कार में फॉग लैंप हैं, तो जरूरत पड़ने पर उनका इस्तेमाल करें.

कोहरे में हमेशा लो बीम पर रखें. हाई बीम की तेज रोशनी कोहरे में मौजूद पानी की बूंदों से टकराकर वापस आती है, जिससे सामने की सड़क देखना और मुश्किल हो सकता है.

विंडशील्ड और साइड मिरर साफ रखें

कोहरे में पहले ही दूर तक देखना मुश्किल होता है. अगर कार के शीशे गंदे हों, तो परेशानी और बढ़ सकती है. इसलिए सफर शुरू करने से पहले आगेपीछे के शीशे और अच्छी तरह साफ करें. वाइपर भी चेक कर लें अगर शीशे के अंदर धुंध जम रही है, तो डिफॉगर या डिफ्रॉस्टर चालू करें। इससे शीशे साफ रखने में मदद मिलेगी.

टायर और ब्रेक की जांच जरूर करें

कोहरे में अचानक ब्रेक लगाने की जरूरत पड़ सकती है. इसलिए कार के टायर और ब्रेक अच्छी हालत में होने चाहिए.घर से निकलने से पहले टायरों में हवा का प्रेशर चेक करें. साथ ही देखें कि टायर ज्यादा घिसे हुए तो नहीं हैं. अगर ब्रेक लगाते समय आवाज आती है या कोई परेशानी महसूस होती है, तो पहले उसकी जांच करवाएं.

स्पीड कम रखें और आगे वाली गाड़ी से दूरी बनाएं

घने कोहरे में तेज रफ्तार से कार चलाना खतरनाक हो सकता है. जब सामने का रास्ता साफ दिखाई नहीं देता, तो अचानक रुकने के लिए कम समय मिलता है. इसलिए गाड़ी की स्पीड उतनी ही रखें, जितनी दूरी तक सड़क साफ दिखाई दे रही है. आगे चल रहे वाहन से सामान्य दिनों के मुकाबले ज्यादा दूरी बनाएं, ताकि जरूरत पड़ने पर सुरक्षित तरीके से ब्रेक लगा सकें.

ओवरटेक करने से बचें

कोहरे में सामने से आ रही गाड़ी का अंदाजा लगाना मुश्किल होता है. इसलिए जल्दबाजी में किसी वाहन को ओवरटेक न करें. अपनी लेन में चलें और अचानक लेन बदलने से बचें. सड़क की बाईं तरफ बनी मार्किंग आपको रास्ते का अंदाजा लगाने में मदद कर सकती है. जरूरत पड़ने पर हॉर्न का इस्तेमाल करके दूसरे ड्राइवरों को अपनी मौजूदगी का संकेत दें.

चलते समय हैजर्ड लाइट न जलाएं

कुछ लोग कोहरे में कार चलाते समय दोनों इंडिकेटर यानी हैजर्ड लाइट लगातार जलाकर रखते हैं. लेकिन ऐसा करने से पीछे चल रहे ड्राइवर को आपके मुड़ने या लेन बदलने का सही संकेत नहीं मिल पाता. इसलिए हैजर्ड लाइट का इस्तेमाल मुख्य रूप से इमरजेंसी में या गाड़ी को सुरक्षित जगह पर रोकने के दौरान ही करें.

ज्यादा कोहरा हो तो सफर टाल दें

अगर सड़क पर इतना कोहरा है कि सामने कुछ भी दिखाई नहीं दे रहा, तो सफर शुरू करने के बजाय मौसम साफ होने का इंतजार करें. अगर रास्ते में अचानक कोहरा बढ़ जाए, तो हाईवे पर बीच सड़क गाड़ी रोकने की गलती न करें. किसी सुरक्षित पार्किंग या सर्विस एरिया तक पहुंचकर कार रोकें और जरूरत के हिसाब से हैजर्ड लाइट चालू करें.