Maharashtra Crime News: महाराष्ट्र के नांदेड में पूर्व विधायक के भतीजे को कार से कुचलकर जान से मारने की कोशिश का सनसनीखेज मामला सामने आया है. आरोप है कि आरोपी ने एक ही रात में दो बार कार से टक्कर मारने की कोशिश की. पूरी घटना CCTV कैमरे में कैद हुई है. घटना नांदेड के नवीन मोंढा इलाके की है. रात करीब पौने दस बजे व्यापारी कपिल पोखर्णा अपनी पत्नी के साथ टहलने निकले थे. कपिल पोखर्णा, नांदेड के पूर्व विधायक ओमप्रकाश पोखर्णा के भतीजे हैं.

इसी दौरान एक तेज रफ्तार कार उनकी तरफ आई. कार को अपनी तरफ आता देख कपिल ने तुरंत सड़क किनारे छलांग लगाकर अपनी जान बचाई, लेकिन आरोपी ने कार को पीछे लेकर दोबारा उन्हें कुचलने की कोशिश की. कुछ देर बाद कपिल अपने एक दोस्त के साथ सड़क पर खड़े होकर घटना की चर्चा कर रहे थे. तभी आरोपी फिर से तेज रफ्तार कार लेकर वहां पहुंचा और दोनों को कुचलने की कोशिश की.

कपिल और उनके दोस्त ने सड़क किनारे हटकर अपनी जान बचाई

कपिल और उनके दोस्त ने सड़क किनारे हटकर अपनी जान बचाई. कपिल पोखर्णा ने हरजी राजगोरे के खिलाफ शिवाजीनगर पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई है. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. कपिल पोखर्णा के मुताबिक, आरोपी हरजी राजगोरे करीब तीन साल पहले उनके यहां ड्राइवर के तौर पर काम करता था. उस दौरान राजगोरे के 10 ट्रक किराये पर लिए गए थे. ट्रकों के किराये और आर्थिक लेनदेन को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ था.

40 लाख रुपये के विवाद में जानलेवा हमला करने का आरोप

आरोप है कि नौकरी से निकाले जाने और ट्रकों को किराये पर नहीं लगाए जाने से नाराज राजगोरे ने पहले भी फोन पर कई बार धमकी दी थी. दोनों के बीच करीब 40 लाख रुपये के आर्थिक विवाद का दावा किया जा रहा है. इसी विवाद में जान से मारने की कोशिश किए जाने का आरोप है. घटना का CCTV फुटेज पुलिस के हाथ लगा है, जिसके आधार पर मामले की जांच की जा रही है.