अगर आप भी ऑफिस के डिवाइस पर या कैफे के डिवाइस पर WhatsApp Web का इस्तेमाल करते हैं, तो जरा सावधान हो जाइए. आज के डिजिटल युग में साइबर खतरा कई गुना बढ़ गया है. लोगों की जरा सी लापरवाही पर तुरंत साइबर ठगी हो जा रही हैं. इसी खतरे को देखते हुए गृह मंत्रालय के तहत काम करने वाले इंडियन साइबर क्राइम कोऑर्डिनेशन सेंटर ने WhatsApp Web के इस्तेमाल को लेकर चेतावनी जारी की है. आइए जानते हैं कि क्या है चेतावनी और आपको क्या सलाह दी गई है.

आज के समय में ऑफिस में काम करने से लेकर जरूरी मैसेज भेजने तक, लोग कंप्यूटर और लैपटॉप पर WhatsApp Web का इस्तेमाल करते हैं. लेकिन ज्यादातर लोग दूसरे के कंप्यूटर पर अपना WhatsApp Web लॉगिन करते हैं या ऑफिस के सिस्टम में इसे खुला छोड़ देते हैं, यह लापरवाही भारी पड़ सकती है. I4C ने इसी खतरे को लेकर चेतावनी जारी की है. चेतावनी में बताया गया है कि अगर किसी सिस्टम में WhatsApp Web का लॉगिन सेशन खुला रह जाता है, तो उसका गलत इस्तेमाल हो सकता है. इससे कोई दूसरा व्यक्ति आपके अकाउंट तक अनधिकृत पहुंच बना सकता है.
क्या है WhatsApp Web से जुड़ा खतरा?
I4C की नेशनल साइबर क्राइम थ्रेट एनालिटिक्स यूनिट यानी NCTAU के अनुसार WhatsApp Web का पहले से लॉगिन सेशन साइबर अपराधियों के लिए खतरा बन सकता है. अगर किसी दूसरे व्यक्ति को इस सेशन तक पहुंचने का एक्सेस मिल जाता है, तो वह आपके अकाउंट से मैसेज पढ़ सकता है साथ ही किसी को मैसेज भेज भी सकता है.
सिर्फ यही नहीं वह आपकी पहचान का इस्तेमाल करके आपके दोस्तों, रिश्तेदारों या दूसरे लोगों के पैसे भी मांग सकता है. इस तरह आपके नाम पर लोगों से ठगी की जा सकती है.
इन जगहों पर WhatsApp Web चलाने से बचें
गृह मंत्रालय की एडवाइजरी में WhatsApp Web यूजर्स को अलर्ट किया गया है कि वे साइबर कैफे, होटल के बिजनेस सेंटर पर किसी अनजान व्यक्ति के सिस्टम पर WhatsApp Web लॉगिन करने से बचें. खासकर सरकारी, संगठन से जुडी, वित्तीय या दूसरी जरूरी डिटेल्स WhatsApp Web के जरिए शेयर नहीं करनी चाहिए. अगर किसी वजह से कंप्यूटर पर WhatsApp Web इस्तेमाल करना ही पड़े, तो भरोसेमंद सिस्टम में Incognito या Private Browsing मोड का उपयोग करना चाहिए. काम पूरा होने के बाद अकाउंट को खुद तुरंत ही लॉगआउट कर लेना चाहिए.
National Cybercrime Threat Analytics Unit , of Indian Cyber Crime Coordination Centre under the Ministry of Home Affairs has issued an advisory for “Safe Use of WhatsApp Web”, pointing it has observed that an authenticated WhatsApp Web session may, under certain circumstances, be misused to gain unauthorised access to a user’s WhatsApp account.
— ANI November 23, 2026
सिर्फ टैब बंद करना काफी नहीं
इस अलर्ट में I4C ने एक और बात पर ध्यान देने को कहा है. ज्यादातर लोग WhatsApp Web इस्तेमाल करने के बाद सिर्फ ब्राउजर की विंडो या टैब बंद कर देते हैं. लेकिन ऐसा करने से लॉगआउट नहीं होता है. इसलिए हर बार इस्तेमाल के बाद से मैन्युअली लॉगआउट जरूर करें. इसके साथ ही अपने कंप्यूटर का ऑपरेटिंग सिस्टम, ब्राउजर और सिक्योरिटी सॉफ्टवेयर अपडेट रखें. अनजान फाइल, संदिग्ध डाउनलोड और क्रैक सॉफ्टवेयर से भी दूरी बनाकर रखें.
अकाउंट में दिखें ऐसे संकेत तो हो जाएं सावधान
अगर आपके WhatsApp अकाउंट से ऐसे मैसेज भेजे जा रहे हैं, जिन्हें आपने खुद नहीं भेज रहे हैं या आपके संपर्कों को आपकी ओर से अजीब जवाब मिल रहे हैं, तो इसे इग्नोर करने की गलती न करें. यह आपके अकाउंट के गलत इस्तेमाल का संकेत हो सकता है.
I4C ने संगठनों WhatsApp Web यूजर्स को सलाह दी है कि वे ऑफिस के कंप्यूटर पर WhatsApp Web के इस्तेमाल से बचें, खासकर उन जगहों पर जहां संवेदनशील जानकारियां मौजूद रहती हैं. इससे पहले अगस्त में भी I4C ने WhatsApp के जरिए भेजी जा रही संदिग्ध फाइलों को लेकर अलर्ट जारी किया गया था.



