अगर आप भी एक नई और हाई पैकेज वाली नौकरी की तलाश में हैं, तो आपके लिए अच्छी खबर है. देश के सरकारी बड़े बैंकों में शामिल स्टेट बैंक ऑफ इंडिया यानी SBI में नौकरी का शानदार मौका है. आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी AI के सेक्टर में काम करने वाले लोगों की तलाश SBI कर रही है. इसके लिए बैंक एक Chief AI Officer की नियुक्ति करने जा रहा है. इस पद के लिए SBI ने सालाना 1.6 करोड़ रुपये तक का पैकेज फिक्स किया है. लेकिन इतनी बड़ी सैलरी की पेशकश के बाद भी सोशल मीडिया पर इसको लेकर नई बहस शुरू हो गई है. कुछ यूजर्स का कहना है कि आज के टेक्नोलॉजी सेक्टर में इस स्तर की जिम्मेदारी के लिए यह पैकेज ज्यादा नहीं है.

कितनी होगी Chief AI Officer की सैलरी?

भारतीय स्टेट बैंक की तरफ से जारी भर्ती विज्ञापन के अनुसार Chief AI Officer को सालाना अधिकतम 1.6 करोड़ रुपये का CTC दिया जा सकता है. इसमें 90 फीसदी हिस्सा फिक्स्ड सैलरी और 10 फीसदी हिस्सा वेरिएबल पे के रूप में होगा. यानी अधिकतम पैकेज मिलने पर 1.44 करोड़ रुपये फिक्स्ड और 16 लाख रुपये प्रदर्शन के आधार पर मिलेंगे. बैंक ने यह भी साफ किया है कि यही अधिकतम सीमा है. असल सैलरी उम्मीदवार के एक्सपीरियंस, मौजूदा वेतन और पोस्टिंग की जगह के हिसाब से तय होगी. यानी हर उम्मीदवार को 1.6 करोड़ रुपये मिलना फिक्स नहीं है.

सोशल मीडिया पर क्यों हो रही है चर्चा?

SBI के इस पैकेज को लेकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर कई यूजर्स ने अपनी बात रखी है. कुछ यूजर्स का कहना है कि और Uber जैसी कंपनियों में सीनियर सॉफ्टवेयर इंजीनियर को भी इतना पैकेज मिल सकता है. एक यूजर ने कमेंट किया कि गूगल और Uber में SDE3 स्तर के इंजीनियर इतनी कमाई करते हैं. ऐसे में SBI को मौजूदा टेक जॉब मार्केट को समझने की जरूरत है.

वहीं कुछ यूजर्स ने कमेंट किया है कि किसी बड़े बैंक की AI पॉलिसी संभालने वाले अधिकारी के लिए 1.6 करोड़ रुपये का पैकेज कम है. उनका कहना है कि आज कई स्टार्टअप भी सीनियर डेवलपर्स को इससे बेहतर सैलरी दे रहे हैं.

क्या काम करेंगे Chief AI Officer?

इस पद पर नियुक्त होने वाले अधिकारी के पास बैंक की AI पॉलिसी तैयार करने और उसे लागू करने की जिम्मेदारी होती है. उन्हें मशीन लर्निंग, नेचुरल लैंग्वेज प्रोसेसिंग और एजेंटिक AI जैसी तकनीकों पर काम करना होगा. इसके साथ ही बैंकिंग सर्विस को बेहतर बनाने, जोखिम का आकलन करने और AI आधारित समाधान तैयार करने की जिम्मेदारी भी इसी अधिकारी की होगी.

इन पदों पर भी होगी भर्ती

Chief AI Officer के साथ ही SBI तीन डिप्टी जनरल मैनेजर और दो AI आर्किटेक्ट की भी नियुक्ति करेगा. DGM पदों के लिए अधिकतम सालाना पैकेज 1.2 करोड़ रुपये रखा गया है. वहीं, AI Solution Architect और Enterprise AI Architect को 9090 लाख रुपये तक मिल सकते हैं.

Chief AI Officer पद के लिए उम्मीदवार की उम्र 30 सितंबर 2026 तक 40 से 55 साल के बीच होनी चाहिए. साथ ही बैंकिंग, फाइनेंशियल सर्विस या IT सेक्टर में कम से कम 15 साल का एक्सपीरियंस जरूरी है. सभी 6 पदों पर शुरुआती नियुक्ति तीन साल के लिए होगी, जिसे बैंक की जरूरत के मुताबिक दो साल और बढ़ाया जा सकता है. भर्ती के लिए आवेदन 19 अक्टूबर से 9 नवंबर 2026 तक मांगे गए है.