कभीकभी हम कुछ चीजों को बेकार मानकर कूड़े में फेंक देते हैं, लेकिन उन्हीं में काम की चीजें भी छिपी होती हैं. ब्रिटेन के एक इंजीनियर के साथ कुछ ऐसा ही कर दिखाया है. इंजीनियर ने इस्तेमाल के बाद कबाड़ में फेंके गए 500 वेप्स से लिथियम बैटरी निकालकर एक ऐसा पावर पैक बना दिया, जिसने बिना ग्रिड की बिजली के पूरे आठ घंटे तक उनके घर को चलाया. इस बैटरी की सहायता से माइक्रोवेव, इलेक्ट्रिक कैटल और घर की लाइट जैसे दूसरे डिवाइस चलाए. खास बात यह है कि इस दौरान घर को बिजली सप्लाई के लिए मेन ग्रिड की जरूरत नहीं पड़ी.

यह कारनामा करने वाले 26 साल के क्रिस डोएल ब्रिटेन के वारविकशायर के रहते हैं. क्रिस ने पुराने वेप में मौजूद लिथियम बैटरियों को निकालकर 2.5kWh क्षमता वाला बैटरी पैक बना दिया. उनकी इस पहल ने डिस्पोजेबल वेप से पैदा होने वाले इलेक्ट्रॉनिक कचरे की समस्या पर भी लोगों का ध्यान खींचा है. बता दें कि वेप एक इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस होता है, जिसका इस्तेमाल धूम्रपान के विकल्प के तौर पर किया जाता है. इसे इलेक्ट्रॉनिक सिगरेट भी कहते हैं.
कैसे आया पुराने Vape से बैटरी बनाने का आइडिया?
योर्कशायर इवनिंग पोस्ट की रिपोर्ट के अनुसार क्रिस को यह आइडिया लीड्स फेस्टिवल के समय आया था. उस समय वे वहां वॉलंटियर के रूप में काम कर रहे थे. उन्होंने देखा कि लोग इस्तेमाल के बाद वेप को कूड़े में फेंक रहे हैं, वहीं उनके अंदर मौजूद लिथियम बैटरियां अब भी रिचार्ज की हो सकती थीं. इसके बाद उन्होंने इन उपकरणों से बैटरी निकालने और उनका फिर से इस्तेमाल करने के बारे में सोचा. सितंबर 2024 में उन्होंने 35 पुरानी बैटरियों की सहायता से फोन और लैपटॉप चार्ज करने वाला पोर्टेबल चार्जर बनाया. इसके बाद उन्होंने घर की बिजली की जरूरत पूरी करने वाला बड़ा बैटरी सिस्टम बनाने का सोचा.
6 महीने में तैयार किया 500 Vape का बैटरी पैक
मई 2025 में क्रिस ने एक स्थानीय वेप शॉप से संपर्क किया और कस्टमर्स की तरफ से लौटाए गए पुराने डिवाइस मांगे. दुकान से उन्हें लगभग 2,000 इस्तेमाल किए हुए वेप मिले. इनसे बैटरी निकालने में उन्हें करीब 6 महीने लगे. आखिर में उन्होंने 500 बैटरियों को अपने प्रोजेक्ट के लिए चुना.
इन बैटरियों को केस में लगाया गया और आपस में जोड़कर 2.5kWh का बैटरी पैक बना दिया. इसके बाद इन्वर्टर की सहायता से इसे घर के इलेक्ट्रिकल सिस्टम से कनेक्ट कर दिया. टेस्टिंग के दौरान इसने लगभग 8 घंटे तक घर के डिवाइस को बिजली सप्लाई की. क्रिस ने अपने इस प्रयोग का वीडियो यूट्यूब पर भी शेयर किया, जिसे लाखों लोगों ने देखा. अब वह इसे सोलर पैनल से जोड़ने की संभावना तलाश रहे हैं.
ब्रिटेन में Vape पर लग चुका है बैन
ब्रिटेन में 1 जून 2025 से सिंगल यूज वेप की सेल और सप्लाई पर रोक लगा दिया है. इसके तहत ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों तरह की दुकानों पर ऐसे वेप बेचना मना है. सरकार ने फिर से इस्तेमाल होने वाले वेप बेचने वाली दुकानों के लिए पुराने डिवाइस वापस लेने की व्यवस्था भी जरूरी की है. इसके बाद भी पुराने वेप का गलत तरीके से निपटान चिंता का विषय बना हुआ है. जून 2025 से मार्च 2026 के बीच ब्रिटेन की 4 वेस्ट मैनेजमेंट फैसिलिटी में 20 लाख से ज्यादा गलत तरीके से फेंके गए वेप मिले. लेकिन क्रिस का टेस्ट दिखाता है कि प्रयोग दिखाता है कि इलेक्ट्रॉनिक कचरे में मौजूद कई चीजें फिर से काम आ सकती हैं. लेकिन लिथियम बैटरियों को नुकसान पहुंचने या गलत तरीके से जोड़ने पर आग लगने का खतरा रहता है. इसलिए इस तरह का प्रयोग बिना तकनीकी जानकारी और सुरक्षा इंतजाम के घर पर करना सेफ नहीं है.



