चंबा। हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले से एक दुखद खबर सामने आई है। यहां खेत में काम कर रहा 30 साल का युवक अचानक पैर फिसलने से गहरी ढांक में जा गिरा। ज्यादा उँचाई से गिरने के कारण युवक की मौके पर ही मौत हो गई। 

खेत में काम कर रहा था नीरज, अचानक फिसला पैर

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मामला जिला चंबा के  सलूणी उपमंडल की टिकरू पंचायत में पेश आया है। बताया जा रहा है कि सोमवार दोपहर करीब 3 बजे युवक अपने खेत में काम कर रहा था। इसी दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह ढांक से नीचे जा गिरा। हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई।

 

यह भी पढ़ें :

अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

हादसे की जानकारी मिलते ही परिजन तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने घायल युवक को उपचार के लिए नागरिक अस्पताल सलूणी पहुंचाया, लेकिन वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।  मृतक की पहचान नीरज , पुत्र शेर सिंह निवासी टिकरू के रूप में हुई है। घटना की सूचना स्थानीय पंचायत प्रधान ने किहार पुलिस थाना को दी।

पुलिस ने शुरू की मामले की जांच

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस अधीक्षक विजय सकलानी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। साथ ही नियमानुसार आगामी कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

 

यह भी पढ़ें :

परिजनों का रोरोकर बुरा हाल

इस हादसे के बाद टिकरू गांव में मातम पसरा हुआ है। 30 वर्षीय नीरज की अचानक हुई मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों का रोरोकर बुरा हाल है और गांव के लोग भी इस घटना से सदमे में हैं।