हरियाणा के समलखा में भाजपा की राष्ट्रीय पदाधिकारियों की बैठक होनी है. यह बैठक दो दिनों तक चलेगी और इसमें भाजपा के राष्ट्रीय पदाधिकारी के अलावा सभी प्रदेश अध्यक्षों और संगठन मंत्री भी शामिल होंगे. बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भी शामिल होने की उम्मीद है.

यह बैठक समालखा में आरएसएस के क्षेत्रीय कार्यालय में होगी. बैठक की तारीख 27 और 28 नवंबर को तय की गई है. 27 नवंबर की शाम 4 बजे बैठक शुरू होगी और 28 नवंबर की शाम तक चलेगी.
दिल्ली से बस में बैठकर समालखा जाएंगे पदाधिकारी
27 नवंबर को बीजेपी के सभी पदाधिकारी दिल्ली से बस में बैठकर समालखा जाएंगे. 27 नवंबर की रात सभी पदाधिकारी समालखा में ही रुकेंगे. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बीजेपी के राष्ट्रीय पदाधिकारियों को संगठन के गुर सिखाएंगे.
बता दें कि इसके पहले अक्टूबर में प्रधानमंत्री आवास पर हरियाणा के विधायकों और मंत्रियों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ बैठक की थी. तब यह बैठक करीब साढ़े तीन घंटे तक चली थी.
पीएम ने बैठक में कहा था कि 230 के करीब टोली बनाए और गांवगांव जाएं, टिफिन बैठक, संवाद, स्वच्छता अभियान, स्थानीय मुद्दा पर चर्चा हो और उनका त्वरित समाधान भी हो.
हरियाणा के मंत्री बोले विकास की गति धीमी नहीं होगी
हरियाणा के मंत्री अरविंद शर्मा ने प्रदेश में नायब सरकार की उपलब्धि गिनाई. अरविंद शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री समयसमय पर विकास कार्यों की समीक्षा और निगरानी करते हैं. विधायकों और मंत्रियों के साथ बैठकर चर्चा की जाती है, और पूरा ध्यान इस बात पर रहता है कि काम और विकास की गति कहीं भी धीमी न पड़े.
शर्मा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी और प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार का यही लक्ष्य है कि विकास की गति धीमी न हो. आप देखेंगे कि मुख्यमंत्री ने लगभग 8000 घोषणाएं की थीं, जिनमें से 6000 से अधिक पर काम पूरा भी हो चुका है.



