Assam Triple Murder Case: असम के डिब्रूगढ़ जिले में डुलियाजान के चर्चित पतिपत्नी और बेटी के ट्रिपल मर्डर मामले में पुलिस और दो आरोपियों के बीच मुठभेड़ हुई. बरडुबी के पास बालीजान चाय बागान के नजदीक पुलिस की आरोपी राजू दास और अमीर दास से तब मुठभेड़ हुई, जब उन्होंने पुलिस वाहन से भागने की कोशिश की और पुलिस टीम पर हमला कर दिया. हमले के बाद पुलिस ने भी जबावी कार्रवाई की, जिसमें दोनों आरोपी घायल हो गए.

जानकारी के अनुसार, पुलिस आरोपियों को लेकर जा रही थी. इसी दौरान उन्होंने पुलिस वाहन से भागने की कोशिश की और टीम पर हमला कर दिया. इसके बाद पुलिस ने जबावी कार्रवाई की. इस मुठभेड़ में डिब्रूगढ़ पुलिस के दो कांस्टेबल भी घायल हुए हैं. घायल दोनों पुलिसकर्मियों को तत्काल डुलियाजान ऑयल अस्पताल में भर्ती कराया गया है. वहीं, गोली लगने से घायल दोनों आरोपियों को बेहतर इलाज के लिए डिब्रूगढ़ स्थित असम मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया है. ट्रिपल मर्डर के आरोपियों के पुलिस वाहन से फरार होने की कोशिश और इस मुठभेड़ के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है.
16 नवंबर को हुई थी हत्या
पुलिस के मुताबिक, मंगलवार रात करीब 11 बजे बालिजन टी एस्टेट में एनकाउंटर हुआ. पुलिस टीम द्वारा दोनों आरोपियों को हत्या में इस्तेमाल मुख्य हथियार बरामद करने के लिए ले जाया जा रहा था. इसी दौरान राजू और अमीर ने पुलिसकर्मियों पर हमला किया. दोनों ने अंधेरे का फायदा उठाकर भागने की कोशिश की. पुलिस की कार्रवाई में दोनों घायल हो गए. इस दौरान दो कांस्टेबल भी जख्मी हुए.
कैसे चला था पूरे मामले का पता?
बता दें कि असम के डिब्रूगढ़ जिले के दुलियाजान में एक ही परिवार के तीन सदस्यों 16 नवंबर को हत्या कर दी गई थी. मृतकों की पहचान ऑयल इंडिया लिमिटेड के सेवानिवृत्त अधिकारी चंद्रकांत भुइयां, उनकी पत्नी एलिजा भुइयां और बेटी निहारिका भुइयां के रुप में की गई थी. 16 नवंबर की शाम एक किरायेदार छठ पूजा का प्रसाद देने चंद्रकांत भुइयां के घर गया था. तब इस पूरे मामले का पता चला.
किरायेदार ने पूजा का प्रसाद देने के लिए उनके घर का दरवाजा खटखटाया. जब अंदर से कोई जबाव नहीं मिला तो पुलिस को सूचना दी गई. सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची. इसके बाद पुलिस ने मुख्य दरवाजा तोड़ा तो घर के तीन अलगअलग कमरों में तीनों के खून से लथपथ शव बरामद हुए.



