Jabalpur News: संस्कारधानी जबलपुर में असली और नकली किन्नरों के बीच विवाद का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. लॉर्डगंज थाना क्षेत्र में आदि प्लाजा के सामने स्थित तालाब के पास उस वक्त हड़कंप मच गया, जब असली किन्नरों के एक गुट से बचने के लिए कथित नकली किन्नर तालाब में कूद गया. बताया जा रहा है कि किन्नरों के बीच विवाद इतना बढ़ गया था कि जान बचाने के लिए युवक को पानी में छिपना पड़ा. देखते ही देखते मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई.

जानकारी के मुताबिक, असली किन्नरों का एक गुट कथित नकली किन्नर को खदेड़ रहा था. आरोप है कि इस दौरान उसके साथ मारपीट भी की गई. खुद को घिरता देख युवक तालाब के पास झाड़ियों में छिप गया, लेकिन जब दूसरे गुट ने उसकी तलाश जारी रखी तो वह अपनी जान बचाने के लिए तालाब के पानी में उतर गया. बताया जा रहा है कि युवक करीब एक घंटे से ज्यादा समय तक पानी में छिपा रहा. इस दौरान मौके पर अफरातफरी का माहौल बना रहा.

पुलिस की तत्परता से युवक की जान बची

विवाद की सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची. पुलिसकर्मियों ने स्थिति को संभालते हुए तालाब में छिपे युवक को बाहर निकालने की कोशिश शुरू की. काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया. पुलिस की तत्परता से युवक की जान बच गई. प्रधान आरक्षक राजेंद्र रघुवंशी के मुताबिक, सूचना मिलने पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची थी. वहां मौजूद लोगों ने युवक को नकली किन्नर बताते हुए कहा कि असली किन्नरों ने उसे खदेड़ा था, जिसके बाद वह पानी में कूद गया.

पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही

पुलिस के मुताबिक, कुछ लोगों ने युवक के पास चाकू और अन्य सामान होने की बात भी कही थी, लेकिन जब उसे तालाब से बाहर निकाला गया तो उसके पास से कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली. फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है. वहीं, इस घटना ने शहर में असली और नकली किन्नरों के बीच आए दिन होने वाले विवादों को एक बार फिर चर्चा में ला दिया है. पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि विवाद की असली वजह क्या थी और युवक के साथ मारपीट हुई थी या नहीं.