उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव की तैयारी के बीच भारतीय जनता पार्टी में मुख्यमंत्री चेहरे को लेकर सियासी चर्चा तेज है. सवाल है कि अगर बीजेपी लगातार तीसरी बार यूपी की सत्ता में वापसी करती है तो मुख्यमंत्री कौन होगा? क्या योगी आदित्यनाथ ही तीसरी बार सीएम बनेंगे… या पार्टी किसी नए चेहरे को मौका देगी? इस सवाल पर डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने TV9 भारतवर्ष से एक्सक्लूसिव बातचीत में बड़ा बयान दिया है. केशव मौर्य ने कहा कि मुख्यमंत्री कोई भी हो सकता है… सीएम का फैसला विधायक दल, केंद्रीय नेतृत्व और पार्लियामेंट्री बोर्ड मिलकर करेगा.

TV9 भारतवर्ष से एक्सक्लूसिव बातचीत में केशव प्रसाद मौर्य से पूछा गया कि अगर बीजेपी 2027 में लगातार तीसरी बार सरकार बनाती है, तो मुख्यमंत्री कौन होगा? क्या योगी आदित्यनाथ ही तीसरी बार मुख्यमंत्री बनेंगे… या केशव मौर्य अथवा कोई और चेहरा भी मुख्यमंत्री बन सकता है? केशव मौर्य ने साफ कहा कि मुख्यमंत्री का फैसला विधायक दल की बैठक और केंद्रीय नेतृत्व करता है… उन्होंने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री कोई भी हो सकता है.

योगी ने कहा था सबको पता है कि CM कौन होगा…

केशव मौर्य का यह बयान इसलिए भी अहम है, क्योंकि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के हालिया बयान पर भी उनसे सवाल किया गया. तब सीएम योगी ने कहा था कि मुख्यमंत्री का चेहरा कौन होगा, यह सबको पता है… यानी उनके बयान को मौजूदा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तरफ ही संकेत के तौर पर देखा गया, लेकिन जब केशव मौर्य से योगी के इस बयान पर सवाल हुआ, तो उन्होंने कहा कि योगी आदित्यनाथ वर्तमान में सीएम हैं… इसलिए जाहिर है कि वह ऐसी बात कहेंगे.

योगी का नाम लेने से केशव का परहेज

केशव मौर्य ने योगी आदित्यनाथ को 2027 के लिए मुख्यमंत्री का चेहरा घोषित करने से परहेज किया. उन्होंने सीएम फेस के सवाल पर फैसला पार्टी के विधायक दल, केंद्रीय नेतृत्व और पार्लियामेंट्री बोर्ड पर छोड़ दिया. यानी बीजेपी की तीसरी बार सरकार बनने की स्थिति में मुख्यमंत्री कौन होगा… इस सवाल पर केशव मौर्य ने किसी एक नाम पर मुहर नहीं लगाई. उनका कहना है कि मुख्यमंत्री कोई भी हो सकता है.

विपक्ष को मिल सकता है बड़ा मुद्दा

यूपी बीजेपी में मुख्यमंत्री चेहरे को लेकर चर्चा ऐसे समय हो रही है, जब 2027 के विधानसभा चुनाव में अभी वक्त है… लेकिन सियासी दलों ने चुनावी तैयारी शुरू कर दी है. बीजेपी लगातार तीसरी बार सत्ता में आने का लक्ष्य लेकर मैदान में उतरने की तैयारी कर रही है. ऐसे में मुख्यमंत्री चेहरे को लेकर नेताओं के बयान सियासी मायने रख रहे हैं. खासकर केशव प्रसाद मौर्य का यह बयान कि मुख्यमंत्री कोई भी हो सकता है. इस बहस को नए सिरे से हवा दे रहा है.