केंद्रीय जांच ब्यूरो ने केरल पुलिस के साथ मिलकर हत्या के एक मामले में लंबे समय से फरार आरोपी सुजीत कुमार को UAE से भारत डिपोर्ट करा लिया है. आरोपी को 25 नवंबर 2026 को भारत लाया गया. उसके खिलाफ इंटरपोल ने रेड नोटिस जारी किया था. CBI ने विदेश मंत्रालय, गृह मंत्रालय और केरल पुलिस के साथ समन्वय कर आरोपी की भारत वापसी सुनिश्चित की.
CBI के मुताबिक, सुजीत कुमार केरल में अक्टूबर 2008 में हुई एक हत्या के मामले में वांछित था. आरोप है कि पुरानी रंजिश के चलते सुजीत कुमार और उसके अन्य साथियों ने एक गैरकानूनी जमावड़ा बनाया और घातक हथियारों से लैस होकर सड़क किनारे शिकायतकर्ता से बातचीत कर रहे एक व्यक्ति पर हमला कर दिया. हमलावरों ने पीड़ित पर कई वार किए. गंभीर रूप से घायल पीड़ित की अस्पताल में इलाज के दौरान उसी दिन मौत हो गई थी.
लंबे समय से चल रहा था फरार

इस मामले में केरल पुलिस ने आरोपी के खिलाफ चार्जशीट भी दाखिल कर दी थी, लेकिन सुजीत कुमार लंबे समय से फरार चल रहा था. केरल पुलिस के अनुरोध पर इंटरपोल के जरिए आरोपी के खिलाफ रेड नोटिस जारी कराया गया था. इसके बाद आरोपी की लोकेशन UAE में मिली और वहां की एजेंसियों ने उसे गिरफ्तार कर लिया.
कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद UAE अधिकारियों ने आरोपी को भारत डिपोर्ट करने पर सहमति दी. CBI के समन्वय से केरल पुलिस की एक एस्कॉर्ट टीम UAE पहुंची, जहां आरोपी को भारतीय टीम के हवाले कर दिया गया. इसके बाद टीम आरोपी को लेकर 25 नवंबर को कोच्चि पहुंची.
300 से ज्यादा भगोड़ों को भारत लाया गया
CBI भारत में इंटरपोल के नेशनल सेंट्रल ब्यूरो के तौर पर काम करती है और BHARATPOL के माध्यम से देश की विभिन्न जांच एजेंसियों के साथ अंतरराष्ट्रीय पुलिस सहयोग का समन्वय करती है. CBI के मुताबिक, वर्ष 2019 से अब तक इंटरपोल के सहयोग से 300 से ज्यादा वांछित अपराधियों को विदेशों से भारत वापस लाया जा चुका है. इनमें वर्ष 2026 के दौरान अब तक 76 भगोड़े शामिल हैं.



