दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता गुरुवार को ब्रह्मस्थानम महोत्सव में शामिल हुईं. इस अवसर पर उन्होंने माता अमृतानंदमयी देवी का आशीर्वाद प्राप्त किया. मुख्यमंत्री ने अम्मा के जीवन, उनके निःस्वार्थ सेवा भाव और मानवता के प्रति समर्पण को नमन करते हुए अमृता श्री स्वयं सहायता समूह कार्यक्रम का शुभारंभ किया.

मुख्यमंत्री ने कहा कि अम्मा का जीवन सेवा, करुणा और प्रेम का अनुपम उदाहरण है. उन्होंने अपना संपूर्ण जीवन गरीबों, जरूरतमंदों और पीड़ितों की सहायता के लिए समर्पित किया है. अम्मा की सेवा भावना किसी एक वर्ग या समुदाय तक सीमित नहीं है, बल्कि उनका संदेश संपूर्ण मानवता के लिए है. इस अवसर पर सांसद बांसुरी स्वराज, विधायक शिखा रॉय और गजेंद्र यादव सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे.
आध्यात्मिकता केवल पूजा और उपासना तक सीमित नहीं सीएम रेखा
मुख्यमंत्री ने कहा कि अम्मा की शिक्षाएं हमें यह समझाती हैं कि सच्ची आध्यात्मिकता केवल पूजा और उपासना तक सीमित नहीं है, बल्कि जरूरतमंदों की सहायता करना, उनके दुख को समझना और उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना भी उतना ही महत्वपूर्ण है. अम्मा ने अपने जीवन और कार्यों से यह सिद्ध किया है कि जब सेवा के साथ करुणा जुड़ती है तो वह समाज में व्यापक परिवर्तन का माध्यम बनती है.
उन्होंने कहा कि अमृता श्री कार्यक्रम के माध्यम से 21 राज्यों में 15,000 से अधिक स्वयं सहायता समूहों के जरिए लाखों महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने का प्रयास किया जा रहा है. यह पहल महिलाओं को आजीविका के साधन उपलब्ध कराने, छोटे उद्यमों को प्रोत्साहित करने और उन्हें आर्थिक गतिविधियों से जोड़ने में सहायक होगी. स्वयं सहायता समूह महिलाओं के बीच सहयोग, सामूहिक प्रयास और आत्मविश्वास की भावना को मजबूत करते हैं.
महिलाओं के सशक्तीकरण पर बोलीं रेखा गुप्ता
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि महिलाओं का सशक्तीकरण केवल आर्थिक सहायता देने तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि उन्हें सम्मान, अवसर और निर्णय लेने की क्षमता भी प्रदान करनी चाहिए. अमृता श्री जैसे कार्यक्रम महिलाओं को अपने पैरों पर खड़ा होने और अपने भविष्य के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का अवसर देते हैं.
उन्होंने ब्रह्मस्थानम महोत्सव के आयोजन को आध्यात्मिकता, सेवा और सामाजिक समर्पण का संगम बताते हुए कहा कि ऐसे आयोजन लोगों को अपने जीवन में सकारात्मक मूल्यों को अपनाने तथा समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने की प्रेरणा देते हैं. अम्मा का संदेश प्रेम, एकता, सेवा और मानवता को मजबूत करने वाला है, जो आज के समय में विशेष रूप से प्रासंगिक है.



