BSF jawan death: असम के श्रीभूमि जिले से बड़ी खबर सामने आई है. यहां भारतबांग्लादेश सीमा पर तीन दिनों से लापता BSF जवान का शव बुधवार सुबह कुशियारा नदी से बरामद किया गया. नदी के पानी में शव दिखाई देने के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को इसकी सूचना दी. मृतक की पहचान BSF की 75वीं बटालियन के जवान के. वेणु के रूप में हुई है. बीएसएफ मिजोरम और कछार फ्रंटियर के डीआईजी अहसान शाहिदी ने शव मिलने की पुष्टि की.

शव पर बाहरी चोट के निशान नहीं है. जवान की मौत के सही कारणों का पता पोस्टमॉर्टम के बाद ही चल सकेगा. शहीद जवान के परिजनों को सूचना दे दी गई है. बीएसएफ के अधिकारियों के अनुसार, के.वेणु कीू तैनाती काटिगोराह स्थित हरि नगर बॉर्डर आउटपोस्ट पर थी. शुरुआती जानकारी के अनुसार, जवान के लापता होने के बाद आशंका जताई जा रही थी कि उन्हें बांग्लादेशी तस्करों ने अगवा कर लिया होगा.

बांग्लादेश बॉर्डर गार्ड द्वारा बचाने की थी खबर

इसी बीच मंगलवार को खबर आई थी कि बांग्लादेश बॉर्डर गार्ड ने जवान को सुरक्षित बरामद कर लिया है और भारत को सौंपने की प्रक्रिया चल रही है, लेकिन बुधवार को कुशियारा नदी से शव मिलने के बाद पूरे मामले में नया मोड़ आ गया है. BSF के वरिष्ठ अधिकारियों ने जवान को BGB द्वारा जीवित बचाए जाने की खबरों को गलत बताया है. बताया जा रहा है कि जवान के. वेणु संदिग्ध मवेशी तस्करों का पीछा करते हुए बराक नदी में उतरे थे.

जवान की मौत के बाद उठ रहे ये सवाल

उनके साथ मौजूद हेड कांस्टेबल जितेंद्र यादव सुरक्षित बाहर निकल आए, जबकि के. वेणु तेज बहाव में लापता हो गए थे. अब सबसे बड़ा सवाल ये है कि आखिर जवान के लापता होने के बाद उन्हें बांग्लादेश में सुरक्षित मिलने की खबर कैसे सामने आई? और अब उनका शव नदी में कैसे मिला? पूरे घटनाक्रम की सच्चाई जांच के बाद ही स्पष्ट होगी. उनके शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सिलचर मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल भेजा गया है.

वेणु के परिवार वालों को उनकी मौत के बारे में बता दिया गया है. उनका शव को हवाई मार्ग से उनके गृह राज्य तेलंगाना लाया जाएगा, जहां बीएसएफ अधिकारियों द्वारा उनको राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी जाएगी.