शिवसेना नेता संजय राउत ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की खुलकर सराहना की है. राउत ने उन्हें एक ‘सक्षम नेता’ बताया. साथ ही उन्होंने सीएम योगी को हिंदुत्व के सबसे बड़े चेहरे वाले नेता कहा. राजनीतिक गलियारों में इस बयान के कई मायने निकाले जा रहे हैं, क्योंकि ये टिप्पणी ठीक उस समय आई है जब 2027 के यूपी विधानसभा चुनावों से पहले बीजेपी के भीतर मुख्यमंत्री पद के चेहरे को लेकर सुगबुगाहट तेज है.

मीडिया से बातचीत के दौरान राउत ने कहा कि अगर योगी आदित्यनाथ ने खुद को पार्टी के मुख्यमंत्री पद के चेहरे के रूप में पेश किया है, तो यह तारीफ के काबिल है. राउत ने कहा, “वे एक सक्षम व्यक्ति हैं. हम भी योगी जी को पसंद करते हैं. वे हिंदुत्व का एक ऐसा चेहरा हैं जो बाकी सब से ऊपर हैं. अगर योगी हैं, तो UP है. अगर योगी नहीं, तो UP भी नहीं.”
#WATCH | Mumbai, Maharashtra: Shiv Sena MP Sanjay Raut says, “If Yogi ji has declared himself , it is commendable. He is a capable man, and we too love Yogi ji. Yogi ji is a face of Hindutva that stands at the very top, and if there is no Yogi, there is no UP. If Yogi ji has said this, then he has full confidence that his party will win a majority in Uttar Pradesh and that the majority of MLAs elected will support him…”
— ANI November 26, 2026
राउत ने कहा कि अगर मुख्यमंत्री ने ऐसा बयान दिया है, तो यह उनके इस आत्मविश्वास को दिखाता है कि राज्य में BJP को बहुमत मिलेगा और नए चुने गए ज्यादातर विधायक उनका समर्थन करेंगे.
यह बहस कैसे शुरू हुई?
बीजेपी के मुख्यमंत्री पद के चेहरे को लेकर बहस तब तेज हो गई, जब केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि 2027 के चुनावों के बाद मुख्यमंत्री कौन बनेगा, इसका फैसला पार्टी के नवनिर्वाचित विधायक करेंगे. नेतृत्व के मुद्दे पर पूछे गए सवालों का जवाब देते हुए, योगी आदित्यनाथ ने कहा था कि सबको पता है कि मुख्यमंत्री पद का चेहरा कौन है. वहीं, मौर्य ने कहा कि चुनाव प्रचार के दौरान बीजेपी का चेहरा ‘कमल’ होगा. उन्होंने कहा कि नतीजों के बाद, चुने गए विधायक केंद्रीय पर्यवेक्षकों की मौजूदगी में बैठक करेंगे और सर्वसम्मति से अपना नेता चुनेंगे.
यह मानते हुए कि योगी आदित्यनाथ अभी मुख्यमंत्री हैं, मौर्य ने कहा कि 2027 के चुनावों के बाद वे इस पद पर बने रहेंगे या कोई और उनकी जगह लेगा, इसका फैसला विधायक ही करेंगे. उन्होंने सीएम योगी आदित्यनाथ के प्रति अपना समर्थन भी दोहराया.



