बेंगलुरु में शादी की तैयारियों के बीच एक 24 वर्षीय युवती ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. घटना केपी अग्रहारा इलाके में कडापस्वामी मठ के पास की है. मृतका की पहचान भूमिका के रूप में हुई है. उसकी शादी जनवरी में होने वाली थी. परिवार ने उसकी शादी किरण नाम के युवक से तय की थी. हालांकि, युवती की मौत के बाद कुछ ऐसी बातें सामने आई हैं, जिनसे मामले में कई सवाल खड़े हो गए हैं.

सबसे ज्यादा चर्चा युवती के गले में मिले हल्दी के धागे को लेकर हो रही है. शादी से पहले ही उसके गले में यह धागा मिलने से पुलिस और परिजनों के सामने कई सवाल हैं. आखिर भूमिका ने यह धागा क्यों पहना था? क्या उसने किरण के अलावा किसी दूसरे युवक से शादी कर ली थी? क्या इस बात को उसने अपने परिवार से छिपाकर रखा था? फिलहाल इन सवालों के जवाब नहीं मिले हैं.
जनवरी में होने वाली थी शादी
जानकारी के मुताबिक, भूमिका की शादी किरण नाम के युवक से तय हुई थी. परिवार में जनवरी में होने वाली शादी की तैयारियां चल रही थीं. सब कुछ सामान्य नजर आ रहा था, लेकिन इसी बीच युवती ने आत्महत्या कर ली. उसकी मौत से परिवार के लोग सदमे में हैं.
मौत के बाद उसके गले में हल्दी का धागा मिलने की बात सामने आई. कर्नाटक में इसे अरिशिना कोंबू कहा जाता है. इसे शादी से जुड़ा प्रतीक माना जाता है. ऐसे में शादी से पहले युवती के गले में इसके मिलने से उसकी निजी जिंदगी और रिश्तों को लेकर कई तरह की आशंकाएं जताई जा रही हैं. हालांकि, केवल इस आधार पर किसी दूसरी शादी या रिश्ते की पुष्टि नहीं की जा सकती.
आत्महत्या से पहले कॉलेज के दोस्त को किया था फोन
इस मामले में एक और अहम बात सामने आई है. बताया जा रहा है कि आत्महत्या करने से पहले भूमिका ने अपने कॉलेज के दोस्त गौतम को फोन किया था. गौतम के साथ उसकी काफी अच्छी दोस्ती थी. दोनों के बीच अक्सर फोन पर बातचीत और वीडियो कॉल होती थी.
करीब दो महीने पहले भूमिका अपने पुराने कॉलेज के दोस्तों के साथ घूमने भी गई थी. इस ट्रिप में गौतम भी शामिल था. बताया जा रहा है कि दोनों के बीच काफी नजदीकी थी. आत्महत्या से ठीक पहले गौतम को फोन किए जाने के बाद पुलिस ने मामले की जांच में उसे भी शामिल किया है.
पुलिस ने गौतम का मोबाइल फोन जब्त किया
पुलिस ने गौतम का मोबाइल फोन जब्त कर लिया है. उसकी कॉल डिटेल और अन्य जानकारियों की जांच की जा रही है, ताकि भूमिका की मौत से पहले हुई बातचीत और घटनाक्रम का पता लगाया जा सके. पुलिस यह भी जानने की कोशिश कर रही है कि आत्महत्या से पहले दोनों के बीच क्या बातचीत हुई थी.
फिलहाल केपी अग्रहारा थाने की पुलिस ने अस्वाभाविक मौत का मामला दर्ज किया है. पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है. युवती के गले में मिले हल्दी के धागे, उसके दोस्त गौतम से बातचीत और शादी से जुड़े तथ्यों की जांच के बाद ही मौत की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी.



