राजस्थान की राजधानी जयपुर में एक युवक ने अपनी मां और बहन की बेरहमी से हत्या कर दी, फिर खुद फंदे से लटककर जान दे दी. भट्टा बस्ती थाना क्षेत्र की रामनगर कॉलोनी में एक मकान के बंद कमरे से मां, उसके बेटे और बेटी के शव बरामद किए गए. तीनों के शव एक ही कमरे में मिले. घटनास्थल पर दीवार पर चिपके एक कागज में लिखा था ‘मरने का कारण मोबाइल में है.’ पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.

यह घटना कांवटिया सर्किल के पास रामनगर कॉलोनी में एचडीएफसी बैंक के नजदीक की है. पुलिस के मुताबिक, वारदात 26 नवंबर की बताई जा रही है, जबकि तीनों की मौत की जानकारी शुक्रवार सुबह सामने आई. मृतकों की पहचान सरोज देवी, उसकी बेटी शिवांगी और बेटे लकी के रूप में हुई है.
बताया जा रहा है कि शुक्रवार सुबह सरोज देवी के पिता दीप तिवारी ने पड़ोसियों को फोन किया. उन्होंने बताया कि परिवार का कोई भी सदस्य फोन नहीं उठा रहा है. इसके बाद उन्होंने पड़ोसियों से घर जाकर पता करने के लिए कहा. एक पड़ोसी जब मकान पर पहुंचा तो अंदर एक कमरे में तीनों के शव पड़े मिले. इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई.
दीवार पर चिपका मिला कागज, मोबाइल में सुसाइड नोट
पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू की. कमरे की दीवार पर एक कागज चिपका मिला था. उस पर लिखा था कि मरने का कारण मोबाइल फोन में है. इसके बाद पुलिस ने लकी का मोबाइल फोन खंगाला. उसमें मिले सुसाइड नोट में परिवार के सदस्यों को मानसिक बीमारी होने का जिक्र किया गया था.
नोट में लिखा था कि उनके परिवार में इस तरह की बीमारी है. कुछ साल पहले इसकी जांच भी करवाई गई थी, जिसमें बीमारी के लक्षण सामने आए थे. पुलिस अब मोबाइल में मिले नोट और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर रही है.
पिता ने भी मानसिक बीमारी के चलते किया था सुसाइड
जांच में यह जानकारी भी सामने आई है कि लकी के पिता ने कुछ साल पहले मानसिक बीमारी के चलते सुसाइड कर लिया था. पुलिस इस पारिवारिक पृष्ठभूमि और मोबाइल में मिले नोट को भी जांच का हिस्सा बना रही है.
एडिशनल डीसीपी बजरंग सिंह के मुताबिक, शुक्रवार सुबह परिवार के एक सदस्य की ओर से पड़ोसियों को सूचना दी गई थी कि घर में कोई फोन नहीं उठा रहा है. इसके बाद पड़ोसी मकान पर पहुंचे और तीनों के शव मिलने पर पुलिस को जानकारी दी.
घर में ही रहता था परिवार
पड़ोसियों से पूछताछ में पता चला है कि परिवार के सदस्य ज्यादातर समय घर में ही रहते थे और बहुत कम बाहर निकलते थे. बेटा लकी भी वर्क फ्रॉम होम जॉब करता था, इसलिए उसका अधिकतर समय घर पर ही बीतता था. फिलहाल पुलिस तीनों की मौत से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है. घटनास्थल से मिले साक्ष्यों, मोबाइल में मिले सुसाइड नोट और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.



