Surat murder case: गुजरात के सूरत में एक परिवार के पांच सदस्यों को नहर में फेंकने के मामले में पुलिस जांच में बड़ा खुलासा हुआ है. इस वारदात के तार 89 लाख रुपये के कथित बीमा घोटाले से जुड़ते नजर आ रहे हैं. पुलिस के मुताबिक, परिवार के दो सदस्य महाराष्ट्र के जलगांव में दर्ज बीमा घोटाले के आरोपी थे. पुलिस को आशंका है कि गिरफ्तारी से बचने के लिए बच्चों सहित सूरत जा रहे थे.

एक अधिकारी ने बताया कि नितिन पाटिल और उसकी पत्नी कविता के शव 24 नवंबर को बारडोली की नहर से मिले थे. उनकी 9 साल की बेटी स्वीटी का शव भी नहर से बरामद हुआ. इसके बाद लापता बच्चों की तलाश के लिए बांध प्रशासन ने नहर का पानी खाली कराया. गुरुवार को सरभोन गांव के पास 2 साल के प्रथमेश का शव मिला. उसकी पहचान कविता की पहली शादी से हुई 25 साल की बेटी खुशी कुंभहार ने की.

19 नवंबर को बीमा धोखाधड़ी केस में जोड़े गए थे दंपति के नाम

इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, जलगांव जिले के मेहूणबारे थाने के DSP सह्याद्री बिरले ने बताया कि नितिन और कविता इस साल दर्ज हुए 89 लाख रुपये के बीमा धोखाधड़ी मामले में आरोपी थे. दोनों के नाम 19 नवंबर को आरोपियों की सूची में शामिल किए गए थे.

पुलिस के मुताबिक, कविता को उसके पहले पति संजय पाटिल की कथित आकस्मिक मौत के बाद तीन बीमा कंपनियों से कुल 89 लाख रुपये मिले थे. इनमें ICICI लोम्बार्ड जनरल इंश्योरेंस, न्यू इंडिया एश्योरेंस और इंडियाफर्स्ट लाइफ इंश्योरेंस शामिल हैं. यह रकम पिछले साल कविता के HDFC बैंक खाते में ट्रांसफर की गई थी.

DSP बिरले ने बताया कि पुलिस को संदेह है कि इस बीमा धोखाधड़ी में शामिल कुछ लोगों ने अपने साथियों की मदद से नितिन, कविता और उनके बच्चों की हत्या की साजिश रची. हालांकि, हत्या के पीछे की असली वजह का पता आरोपियों से पूछताछ के बाद ही चल सकेगा.

260 किलोमीटर का सफर तय कर सूरत पहुंचे थे

पुलिस में दर्ज FIR के मुताबिक, नितिन और कविता 22 नवंबर को अपने चार बच्चों हरीश, करण, स्वीटी और प्रथमेश के साथ जलगांव जिले के एरंडोल गांव से सूरत के लिए निकले थे. परिवार मारुति सुजुकी ईको वैन से सफर कर रहा था. इसे उनके परिचित बंटी और आभा चला रहे थे.

करीब 260 किलोमीटर का सफर तय करने के बाद परिवार सूरत जिले के बारडोली पहुंचा. उस समय अंधेरा हो चुका था. इसी दौरान एक दूसरे वाहन ने उनकी ईको वैन को रास्ते में रोक लिया. उस वाहन में दो लोग सवार थे. इनमें से एक की पहचान जलगांव के पारोला तालुका के मंगरुल गांव के रहने वाले कांधियो भडाणे उर्फ दयानंद के रूप में हुई है. दूसरे व्यक्ति की पहचान अब तक नहीं हो सकी है.

पुलिस का आरोप है कि इसके बाद बंटी और आभा ने नितिन, कविता और उनके चारों बच्चों को दूसरे वाहन में बैठा दिया. दोनों खुद भी उसी गाड़ी में सवार हो गए. इसके बाद अज्ञात व्यक्ति के साथ वे वहां से निकल गए.

चारों बच्चों को नहर में फेंका, फिर दंपति को भी धकेला

कविता की पहली शादी से हुई बेटी खुशी ने अपनी शिकायत में बताया कि बंटी, आभा और उनके साथ मौजूद अज्ञात व्यक्ति परिवार को बारडोली तालुका के सेजवाड गांव के पास नहर के किनारे ले गए थे. खुशी के मुताबिक, आरोपियों ने पहले चारों बच्चों को नहर में फेंका और फिर नितिन व कविता को भी पानी में धकेल दिया. इसके बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए.

इस घटना में नितिन, कविता, हरीश, स्वीटी और प्रथमेश पानी में बह गए. हालांकि, 13 साल का करण किसी तरह बचने में कामयाब रहा. उसने नहर में मौजूद पानी की पाइपलाइन पकड़ ली और उसी के सहारे खुद को संभाले रखा.

बारडोली पुलिस इंस्पेक्टर पीएन जडेजा के मुताबिक, करण ने रातभर जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष किया. 23 नवंबर की सुबह करीब 5:30 बजे वह किसी तरह पानी से बाहर निकला. इसके बाद पैदल चलते हुए उवा गांव के एक इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप पहुंचा और वहां मौजूद कर्मचारियों से मदद मांगी.

पेट्रोल पंप के कर्मचारी ने सूरत जिला ग्रामीण पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी. इसके बाद पुलिस की PCR वैन करण को बारडोली थाने ले गई. वहां उसने पुलिस को पूरी घटना बताई. उसकी जानकारी के आधार पर पुलिस और दमकल विभाग ने नहर में तलाशी अभियान चलाया. इस दौरान डुंगरी, शेखपुर और मुलाद गांवों के पास से तीन शव बरामद किए गए.

एक आरोपी गिरफ्तार

करण के बचने के बाद पुलिस ने उसे जलगांव के धरनगांव में रहने वाली उसकी बड़ी बहन खुशी के पास पहुंचाया. खुशी ने पुलिस को परिवार से जुड़ी जानकारी दी और अपनी शिकायत में कांधियो भडाणे, बंटी, आभा और एक अज्ञात व्यक्ति को आरोपी बनाया. FIR के मुताबिक, कविता करीब तीन साल पहले अपने पहले पति संजय पाटिल को छोड़कर नितिन के साथ रहने लगी थी. संजय से उसके चार बच्चे थे. इनमें खुशी, हरीश, करण और स्वीटी शामिल हैं. वहीं, सबसे छोटा बेटा प्रथमेश नितिन से हुआ था.

खुशी ने बताया कि उसने अपनी मां से आखिरी बार 20 नवंबर को बात की थी. उस समय कविता ने उसे बताया था कि परिवार रोजीरोटी कमाने के लिए सूरत जा रहा है. 22 नवंबर के बाद से कविता का मोबाइल फोन बंद हो गया था.

सूरत ग्रामीण पुलिस ने 25 नवंबर को कांधियो भडाणे को गिरफ्तार कर लिया. बंटी, आभा और चौथा अज्ञात व्यक्ति अभी फरार हैं. इंस्पेक्टर पीएन जडेजा के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर हत्या की वजह और पूरी साजिश का पता लगाने की कोशिश की जा रही है.

पूर्व पति की मौत को सड़क हादसा बताकर लिया था बीमा

पुलिस जांच में सामने आया है कि 89 लाख रुपये का कथित बीमा घोटाला मार्च 2026 में उजागर हुआ था. महाराष्ट्र पुलिस ने इस मामले में सात लोगों को गिरफ्तार किया था. इनमें दो बीमा एजेंट प्रवीण पाटिल और प्रेमचंद पाटिल, चालीसगांव सरकारी अस्पताल के डॉक्टर डॉ. मंदार करंबेलकर और चार पुलिस कांस्टेबल शामिल थे.

DSP सह्याद्री बिरले के मुताबिक, जलगांव जेल में बंद आरोपियों ने कथित तौर पर कविता और नितिन के साथ मिलकर बीमा की रकम हासिल करने की साजिश रची थी. इसके तहत कविता के पहले पति संजय पाटिल की मौत को सड़क हादसा बताया गया था.

पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने दावा किया था कि 8 जून 2025 को संजय मेहूणबारेबहाल रोड पर जमराडा इलाके में मोटरसाइकिल से जा रहे थे. इसी दौरान एक तेज रफ्तार कार ने उन्हें टक्कर मार दी थी. चालीसगांव ग्रामीण अस्पताल के डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया था.

इसके बाद बीमा कंपनियों में दावा पेश किया गया. इसके समर्थन में कथित तौर पर फर्जी पोस्टमार्टम रिपोर्ट भी जमा की गई, जिसमें संजय की मौत सड़क दुर्घटना में होने की बात कही गई थी.

बीमा कंपनी के कंसल्टेंट को हुआ था शक

इस पूरे मामले का खुलासा तब हुआ, जब ICICI लोम्बार्ड के कंसल्टेंट मुजम्मिल अरशद शेख को बीमा दावे पर संदेह हुआ. इसके बाद बीमा एजेंटों, डॉक्टर और पुलिसकर्मियों के खिलाफ FIR दर्ज कराई गई. 9 जून 2025 को सात आरोपियों के खिलाफ बीमा दावों में धोखाधड़ी और गबन के आरोप में केस दर्ज किया गया था. महाराष्ट्र पुलिस अब भी संजय पाटिल की मौत की वास्तविक परिस्थितियों की जांच कर रही है.

इसी मामले में 19 नवंबर को कविता और उसके दूसरे पति नितिन का नाम भी आरोपियों की सूची में शामिल किया गया था. इसके महज तीन दिन बाद दोनों अपने चार बच्चों के साथ जलगांव से सूरत के लिए निकले. पुलिस को शक है कि इसी कथित बीमा घोटाले से जुड़े लोगों ने परिवार को रास्ते से हटाने की साजिश रची. फिलहाल पुलिस हत्या और बीमा धोखाधड़ी के बीच कड़ियां जोड़ने में जुटी है.