अब तक दुनिया में अपनी बेशकीमती हीरा खदानों के लिए पहचान रखने वाला मध्यप्रदेश का पन्ना जल्द ही पर्यटन और औद्योगिक विकास के नए नक्शे पर चमकने जा रहा है. यहां पर्यटकों को सिर्फ हीरे देखने ही नहीं मिलेंगे, बल्कि वे दुनिया के मशहूर शाही हीरों की चमक और उनके इतिहास को करीब से महसूस भी कर सकेंगे. पन्ना में देश का पहला और विश्व का दूसरा डायमंड म्यूजियम विकसित किया जा रहा है. इसके साथ ही हीरा कारोबार को नई ऊंचाई देने के लिए डायमंड पार्क भी बनाया जा रहा है.

इन दोनों महत्वाकांक्षी परियोजनाओं पर करीब 32 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे. सरकार का दावा है कि इनसे पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ 10 हजार लोगों के लिए रोजगार के अवसर भी तैयार होंगे.

10 अलगअलग गैलरियां बनाई जाएंगी

मध्यप्रदेश पर्यटन निगम 19.39 करोड़ रुपए की लागत से पन्ना के ऐतिहासिक यादवेंद्र क्लब भवन का जीर्णोद्धार कर उसे डायमंड म्यूजियम और पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करेगा. यहां 10 अलगअलग गैलरियां बनाई जाएंगी, जिनमें पन्ना की हीरा संपदा, खनन का इतिहास, भूगर्भीय विशेषताएं और हीरों से जुड़ी सांस्कृतिक विरासत प्रदर्शित होगी.

म्यूजियम में विश्वप्रसिद्ध कोहिनूर, टिफनी और लुकारा हीरों की प्रतिकृतियां भी रखी जाएंगी. पर्यटकों के लिए वर्चुअल तकनीक का इस्तेमाल किया जाएगा, जिसके जरिए वे शाही हीरे और आभूषण पहनने का अनुभव ले सकेंगे और उनके साथ तस्वीरें भी खिंचवा सकेंगे.

डायमंड म्यूजियम की पहली गैलरी में पन्ना की खदानों के स्पर्श आधारित मॉडल और खनन उपकरण रखे जाएंगे. दूसरी गैलरी में कोहिनूर और टिफनी हीरे की प्रतिकृतियां होंगी. तीसरी में बुंदेला राजवंश के इतिहास और वास्तुकला को प्रदर्शित किया जाएगा. चौथी गैलरी में चिकित्सा, ग्लास कटिंग और कंप्यूटर उद्योग में हीरों के इस्तेमाल की जानकारी मिलेगी. पांचवीं में हीरों की गुणवत्ता और प्रकाश का स्पेक्ट्रम दिखाया जाएगा, जबकि छठी में किम्बरलाइट चट्टानों के नमूने होंगे.

सातवीं गैलरी में हीरों के मूल्यांकन, नीलामी और सिंथेटिक हीरों की पहचान समझाई जाएगी. आठवीं में कटिंगपॉलिशिंग की प्रक्रिया का प्रदर्शन होगा. नौवीं में विश्वप्रसिद्ध हीरे और आभूषण सजाए जाएंगे. दसवीं गैलरी पर्यटकों को वर्चुअल तरीके से शाही आभूषण पहनने का अनुभव देगी.

126 औद्योगिक इकाइयां स्थापित होंगी

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की पहल ,विरासत भी और विकास भी,के तहत पन्ना के जनकपुर में 12.50 हेक्टेयर क्षेत्र में 12.65 करोड़ रुपए की लागत से डायमंड पार्क विकसित किया जा रहा है. यहां 126 औद्योगिक इकाइयां स्थापित होंगी. इनमें हीरों की कटिंग, पॉलिशिंग और प्रसंस्करण से जुड़ी इकाइयां शामिल रहेंगी. इन उद्योगों से प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से करीब 10 हजार लोगों को रोजगार मिलने की उम्मीद है.

पन्ना की हीरा संपदा का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि पिछले पांच साल में जिला हीरा कार्यालय में 938 कैरेट वजन के 415 हीरे जमा कराए गए हैं. इनकी अनुमानित कीमत 11.92 करोड़ रुपए आंकी गई है.

वर्तमान में जिले में 269 उथली हीरा खदानें हैं. इसके अलावा राष्ट्रीय खनिज विकास निगम यानि एनएमडीसी की ओर से 113 और 162 हेक्टेयर क्षेत्र में दो हीरा खदानें संचालित की जा रही हैं. यूरोप के नीदरलैंड और बेल्जियम के अलावा दक्षिण अफ्रीका, इजराइल और थाईलैंड में भी डायमंड म्यूजियम मौजूद हैं. अब पन्ना भी इस अंतरराष्ट्रीय पहचान की दिशा में कदम बढ़ा रहा है.