गुजरात ATS ने शुक्रवार को आतंकी हमले की एक बड़ी साजिश का खुलासा करते हुए एक संदिग्ध को गिरफ्तार किया है. आरोपी 22 साल का युवक बताया जा रहा है, और उसके आतंकी संगठन जैशएमोहम्मद से जुड़े होने का शक है. उसके पास सेAK47 जैसी ऑटोमैटिक असॉल्ट राइफल, 23 जिंदा कारतूस, दो खाली मैगजीन और जैशएमोहम्मद का झंडा बरामद हुआ है.

ATS के मुताबिक, आरोपी गुजरात में किसी बड़े सुरक्षा प्रतिष्ठान को निशाना बनाने की तैयारी में था. उसकी गतिविधियों के पीछे पाकिस्तान में बैठे एक हैंडलर का हाथ होने का भी शक है. ATS के डिप्टी एसपी हर्ष उपाध्याय को खुफिया जानकारी मिली थी कि आरोपी आतंकी संगठन के किसी हैंडलर के इशारे पर गुजरात में आतंकी हमला करने की योजना बना रहा है. इसके बाद जांच के लिए टीम गठित की गई थी.

कैसे ATS को मिली आतंकी साजिश की जानकारी?

गुजरात ATS के डिप्टी एसपी हर्ष उपाध्याय को पता चला था कि गुजरात से बाहर का एक युवक जैशएमोहम्मद के संपर्क में है.खुफिया इनपुट के मुताबिक, आरोपी अगले दो से तीन दिनों में गुजरात पहुंचने वाला था. उसकी योजना किसी महत्वपूर्ण सुरक्षा प्रतिष्ठान को निशाना बनाकर AK47 जैसी ऑटोमैटिक असॉल्ट राइफल से हमला करने की थी.

इस इनपुट के बाद ATS के वरिष्ठ अधिकारियों को जानकारी दी गई. पुलिस अधीक्षक के. सिद्धार्थ और के.के. पटेल के मार्गदर्शन में डिप्टी एसपी हर्ष उपाध्याय के नेतृत्व में विशेष टीम बनाई गई. टीम ने तकनीकी सर्विलांस और ह्यूमन इंटेलिजेंस के जरिए पड़तल शुरू की. इस दौरान ATS को पता चला कि संदिग्ध वडोदरा के सयाजीगंज रेलवे स्टेशन के पास स्थित होटल मिलन में ठहरा हुआ था.

पालडी बस स्टैंड के पास संदिग्ध को दबोचा गया

इनपुट के मुताबिक, ATS संदिग्ध को पकड़ने के लिए होटल मिलन पहुंची, लेकिन वह सुबह करीब 9 बजे होटल से बिना चेकआउट किए ही कहीं चला गया था.होटल से आरोपी की पहचान मोहम्मद शाहरुख इस्लाम कबीरुद्दीन के रूप में हुई. तकनीकी जांच में पता चला कि वह दाहोद की तरफ से किसी वाहन में सवार होकर वडोदरा आ रहा है.

इसके बाद ATS ने हलोलवडोदरा रोड पर गोल्डन चौकड़ी के पास नाकाबंदी की और संदिग्ध की तलाश शुरू की. होटल दर्शन के आसपास जांच के दौरान पालडी बस स्टैंड के पास संदिग्ध युवक दिखाई दिया. ATS की टीम ने उसे तुरंत हिरासत में ले लिया. आरोपी के पास से AK47 जैसी राइफल और 23 कारतूस बरामद समेत ATS को कई अहम और चौंकाने वाला सबूत मिले हैं.

वडोदरा एयरफोर्स स्टेशन की रेकी के सबूत मिले

आरोपी के पास से दो मोबाइल फोन और सिम कार्ड भी बरामद हुआ. ATS के मुताबिक, आरोपी के मोबाइल फोन की शुरुआती जांच में कई ऐसे डिजिटल सबूत मिले हैं, जो कथित तौर पर आतंकी साजिश की तरफ इशारा करते हैं. आरोपी के मोबाइल फोन से वडोदरा एयरफोर्स स्टेशन से जुड़ी कई संदिग्ध तस्वीरें और वीडियो भी मिले हैं. इससे पता चलता है कि वह एयरफोर्स स्टेशन की रेकी की थी.

व्हाट्सऐप चैट की जांच में एयरफोर्स स्टेशन के गेट और दूसरे महत्वपूर्ण ढांचों की तस्वीरें मिलीं. इन तस्वीरों में कुछ जगहों पर लाल निशान लगाकर उन्हें टारगेट पॉइंट के तौर पर दिखाया गया था. इसके अलावा मोबाइल से एयरफोर्स स्टेशन की रेकी का वीडियो, गूगल मैप के स्क्रीनशॉट, कई इंटरनेट लिंक, ऑडियोवीडियो क्लिप और व्हाट्सऐप चैनल व ग्रुप के लिंक भी मिले हैं.

पाकिस्तान में बैठे हैंडलर से संपर्क का शक

जांच एजेंसी को AK47 जैसी ऑटोमैटिक राइफल चलाने की ट्रेनिंग से जुड़े वीडियो भी मिले हैं. ATS इन सभी डिजिटल सबूतों की जांच कर रही है. गुजरात ATS को शक है कि आरोपी पाकिस्तान में बैठे हैंडलर मुफ्ती रफीक उर्फ इब्न अब्दुल्ला के संपर्क में था. ATS के मुताबिक, आरोपी को नए मोबाइल फोन खरीदने और साजिश को अंजाम देने के लिए 50 हजार रुपये दिए गए थे.

हालांकि आरोपी के पास से करीब 20 हजार रुपये नकद बरामद हुए हैं. जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी कथित तौर पर हमले को अंजाम देने के बाद पाकिस्तान जाने और जैशएमोहम्मद के आतंकी संगठन में शामिल होने की योजना बना रहा था. वह संगठन में शामिल होकर आतंकी गतिविधियों को आगे बढ़ाना चाहता था.

UAPA समेत कई गंभीर धाराओं में केस दर्ज

गुजरात ATS ने आरोपी मोहम्मद शाहरुख इस्लाम कबीरुद्दीन के खिलाफ ATS पुलिस स्टेशन में FIR नंबर 08/2026 दर्ज की है.उसके खिलाफ UAPA की धारा 18, 20, 23 और 38 के अलावा BNS की धारा 61, 148 और 149 तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत मामला दर्ज किया गया है.फिलहाल ATS इस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है.

एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी के संपर्क में और कौनकौन लोग थे, उसे हथियार कहां से मिला, पाकिस्तान में बैठे हैंडलर से उसका संपर्क कैसे हुआ और गुजरात में हमले की साजिश में दूसरे कौन लोग शामिल हो सकते हैं. ATS अब सिर्फ गिरफ्तार आरोपी तक जांच सीमित नहीं रख रही, बल्कि उसके डिजिटल नेटवर्क, पाकिस्तानी हैंडलर और संभावित मददगारों की भूमिका भी खंगाल रही है.