Jabalpur Crime News: मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले में महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा के लिए चलाए जा रहे ‘गरिमा अभियान’ के तहत पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है. महिला थाना पुलिस और प्रशासनिक टीम ने अधारताल क्षेत्र से संचालित हो रहे देह व्यापार के एक बड़े रैकेट का खुलासा किया है. इस मामले में मुख्य सप्लायर कपिल जायसवाल उर्फ अमन जायसवाल और मकान मालिक समेत आठ लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है. आरोपी से पाँच दिन की पुलिस रिमांड के दौरान हुई पूछताछ में 100 से अधिक युवतियों और तीन राज्यों तक फैले अंतरराज्यीय नेटवर्क का पता चला है.

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनु बेनिवाल ने टीवी9 को बताया कि तकनीकी जांच और आरोपी के मोबाइल डेटा से इस रैकेट के बड़े नेटवर्क का खुलासा हुआ है. ये समाचार आप हिमाचली खबर में पढ़ रहे है। मुख्य आरोपी कपिल जायसवाल के डिजिटल रिकॉर्ड्स से 100 से ज्यादा महिलाओं और युवतियों के फोटो, वीडियो और चैट मिले हैं. आरोपी महज जबलपुर ही नहीं, बल्कि मध्य प्रदेश के विभिन्न जिलों के अलावा महाराष्ट्र और उत्तर प्रदेश तक महिलाओं की अंतरराज्यीय सप्लाई करता था.
इस अवैध धंधे में स्थानीय स्तर पर शह देने और संदिग्ध भूमिका पाए जाने पर एक पुलिस आरक्षक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है, जबकि संबंधित थाना प्रभारी से जवाबतलब कर स्पष्टीकरण मांगा गया है. ये खबर आप हिमाचली खबर में पढ़ रहे है।
कैफे के नाम पर ‘सीक्रेट केबिन’, नगर निगम की मदद से 5 सील
जांच में शहर के कैफे और रेस्टोरेंट संचालकों की मिलीभगत और भयानक कारनामे भी सामने आए हैं. शहर में कई ऐसे कैफे पाए गए जहां खानेपीने का सामान नाममात्र का था, लेकिन पर्दा सिस्टम और सीक्रेट केबिन बनाकर कपल्स से घंटों के हिसाब से मनमाना किराया वसूला जा रहा था. पुलिस ने नगर निगम टीम के साथ मिलकर ऐसे अनैतिक अड्डों पर शिकंजा कसा है. अब तक 5 संदिग्ध कैफे को पूरी तरह सील किया जा चुका है और अन्य ठिकानों की सूची बनाकर जांच जारी है.
क्या है ‘गरिमा अभियान’?
ASP अनु बेनिवाल के अनुसार, जबलपुर पुलिस द्वारा शहर में महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा व सम्मान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से ‘गरिमा अभियान’ चलाया जा रहा है. इसके तहत अनैतिक गतिविधियों, अवैध अड्डों और संदिग्ध स्थानों पर लगातार औचक छापेमारी की जा रही है.



