Lucknow News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के सैरपुर थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े एक बंद मकान को निशाना बनाकर चोरों ने लाखों रुपये की चोरी की वारदात को अंजाम दिया. बदमाश घर से करीब 12 लाख रुपये के जेवरात और 2 लाख रुपये की नकदी लेकर फरार हो गए. हैरानी की बात यह है कि पूरी वारदात घर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई, लेकिन घटना के बाद भी पुलिस अब तक आरोपियों तक नहीं पहुंच सकी है. इतना ही नहीं, पीड़ित का आरोप है कि पुलिस ने अभी तक मामले में एफआईआर भी दर्ज नहीं की है.

जानकारी के अनुसार, चोरी की यह घटना सैरपुर थाना क्षेत्र के न्याय विहार स्थित बी1/21 मकान में हुई. बताया जा रहा है कि परिवार किसी काम से घर से बाहर गया हुआ था. इसी दौरान चोरों ने बंद मकान को निशाना बनाया और आराम से घर में घुसकर लाखों रुपये के जेवरात तथा नकदी समेटकर फरार हो गए. जब परिवार वापस लौटा तो घर का सामान बिखरा पड़ा मिला और अलमारी से जेवर व नकदी गायब थे. इसके बाद घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई.
सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस
मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ की. ये समाचार आप हिमाचली खबर में पढ़ रहे है। घर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने पर चोरी की पूरी वारदात रिकॉर्ड मिली, जिसमें संदिग्ध चोर साफ नजर आ रहे हैं. इसके बावजूद अब तक किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है.
पीड़ित का आरोप है कि पुलिस ने अब तक मामले में एफआईआर तक दर्ज नहीं की है. हालांकि पुलिस का कहना है कि वह क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश कर रही है. इस दावे पर भी सवाल उठ रहे हैं, क्योंकि चोरी की वारदात तो पहले से ही मकान के सीसीटीवी कैमरों में कैद है.
बंद घर को बनाया निशाना
घटना के बाद इलाके के लोगों में भी दहशत का माहौल है. ये खबर आप हिमाचली खबर में पढ़ रहे है। स्थानीय लोगों का कहना है कि दिनदहाड़े इस तरह बंद घर में चोरी होना पुलिस की गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है. लोगों ने पुलिस से जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी और चोरी गए सामान की बरामदगी की मांग की है.
फिलहाल पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच जारी है. पुलिस का दावा है कि जल्द ही चोरी की वारदात का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा. वहीं, पीड़ित परिवार न्याय और त्वरित कार्रवाई का इंतजार कर रहा है.



