Ajab GazabIndiaTrendingViral

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गुरु भाई महंत शांतिनाथ का निधन, लंबे समय से थे बीमार…

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गुरु भाई महंत शांतिनाथ का निधन, लंबे समय से थे बीमार…
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गुरु भाई महंत शांतिनाथ का निधन, लंबे समय से थे बीमार…

पीलीभीत के बीसलपुर तहसील क्षेत्र के गांव न्यूरानपुर स्थित आश्रम के महंत योगी शांतिनाथ का लंबी बीमारी के बाद मंगलवार की रात निधन हो गया। वह 56 वर्ष के थे। महंत शांतिनाथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गुरुभाई थे।

गोरखपुर मठ से आए योगी हनुमान नाथ ने बताया कि गांव न्यूरानपुर के आश्रम में उनके मठ से योगी शांतिनाथ वर्ष 1997 से रह रहे थे। वह दिल्ली के मूल निवासी थे। दिल्ली में ही उनकी शिक्षा हुई थी। वह उच्च शिक्षित थे। उन्होंने उत्तरांचल में दीक्षा ली। उसके बाद गोरखनाथ मठ से जुड़ गए। वह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गुरु भाई थे।

शांतिनाथ काफी समय से बीमार चल रहे थे। उन्होंने लखनऊ और गुरुग्राम के अस्पताल में उपचार भी कराया, लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ। पिछले कई दिनों से वह आश्रम में ही रह रहे थे। मंगलवार की रात उनका स्वास्थ्य खराब हुआ। उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिलसंडा में भर्ती कराया गया, जहां देररात उनका निधन हो गया। उसके बाद उनका पार्थिव शरीर आश्रम में लाया गया।

गोरखपुर से आए महंत
सूचना मिलते ही गोरखपुर मठ से योगी हनुमाननाथ और योगी दिनेशनाथ यहां आए। दोपहर में परंपरा के अनुसार आश्रम परिसर में ही बनाई समाधि में वह विलीन हो गए। बुधवार को पूरे दिन आश्रम में शोक जताने वालों का तांता लगा रहा।

शोक जताने वालों में प्रतिष्ठित लोग, साधु, पुलिस और प्रशासन के अधिकारी भी शामिल थे। शांतिनाथ मेला कमेटी के संस्थापक भी थे। वह प्रत्येक वर्ष जिले में सबसे पहले रामलीला कराते थे। इस बार अस्वस्थ होने के कारण उन्होंने मेला कार्य निरस्त कर दिया था।

आश्रम का कराया था सौंदर्यीकरण
उन्होंने मुख्यमंत्री कार्यालय से करीब पांच करोड़ रुपये स्वीकृत कराकर अपने आश्रम का सौंदर्यीकरण भी कराया था। आश्रम की चाहरदीवारी भी करवाई थी। वह आश्रम के पास स्थित आश्रम की 11 एकड़ जमीन की भी देखभाल करते थे। शांतिनाथ आश्रम परिसर में राजकीय आश्रम पद्धति विद्यालय खुलवाने की योजना बना रहे थे।

बताया जाता है कि वर्ष 2022 में हुए विधानसभा चुनाव में बीसलपुर सीट से उन्हें भाजपा का प्रत्याशी बनाए जाने की तैयारी चल रही थी, लेकिन उन्होंने अस्वस्थ होने के कारण मना कर दिया था। उनके आश्रम पर सुरक्षा के लिए पुलिस स्थायी रूप से तैनात थी। इन्होंने कुछ वर्ष पूर्व अपने आश्रम पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की जनसभा भी कराई थी।

Leave a Reply