Unnao News: उत्तर प्रदेश के उन्नाव रेलवे स्टेशन से एक हैरान करने वाली तस्वीर सामने आई है, जहां पर प्लेटफॉर्म नंबर 2 पर एक महिला ट्रेन के आगे कूद गई थी. ट्रेन के इंजन से लगे हल्के धक्के के कारण वह रेलवे ट्रैक के बीच में आ गई और ट्रैक पर गिर गई. इस दौरान उसके ऊपर से पूरी ट्रेन गुजर गई. ट्रेन गुजर जाने के बाद उन्नाव रेलवे सुरक्षा बल की टीम ने महिला को ट्रैक से उठाकर अस्पताल में भर्ती करवाया जहां पर डॉक्टर ने महिला का इलाज किया. इलाज के बाद महिला अपने परिवार के साथ अपने घर रवाना हो गई.

जानकारी के मुताबिक, शनिवार की रात 12 बजे उस समय रेलवे स्टेशन पर अफरा तफरी मच गई जब लोगों ने देखा की एक महिला प्लेटफार्म नंबर दो के रेलवे ट्रैक पर लेटी हुई है. उसके ऊपर से एक एक्सप्रेस ट्रेन और उसमें लगे 21 डिब्बे एकएक कर उसके ऊपर से गुजर गए. इस दौरान घटना का वीडियो स्टेशन पर मौजूद किसी व्यक्ति ने बना कर वायरल कर दिया.

महिला को आई मामूली चोट

यह सूचना जब आरपीएफ थाना प्रभारी हरीश कुमार को लगी तो वह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे. महिला को उठाकर अस्पताल में भर्ती करवाया जहां डॉक्टर ने उसका इलाज किया. थाना प्रभारी ने बताया की महिला को हल्की फुलकी चोट आई थी बताया की महिला सुरक्षित है और वह अपने परिवार के साथ अपने घर चली गई है.

ऊपर से गुजर गए ट्रेन के 21 डिब्बे

थाना प्रभारी ने बताया की महिला जानबूझ कर ट्रेन के आगे कूदी थी. गनीमत रही की ट्रेन के इंजन से हल्का धक्का लगने के कारण वह रेलवे ट्रैक के बीच में गिर गई थी और ट्रेन के गुजरने तक वह ट्रैक पर ही सिकुड़ी पड़ी रही. थाना प्रभारी हरीश कुमार ने बताया की महिला की पहचान हो गई है.

ईंट भठ्ठे में सपरिवार करती थी काम

बताया जाता है की थाना उर्गा जिला कोरबा,छत्तीसगढ़ की रहने वाली रामशीला उन्नाव के अचलगंज इलाके में स्थित एक ईंट भठ्ठे में कच्ची ईंट बनाने का काम करती थी. भठ्ठे का सीजन खत्म होने के बाद वह अपने परिवार के साथ वापस घर जाने के लिए उन्नाव रेलवे स्टेशन आई थी और वह ट्रेन पकड़कर वापस अपने घर जा रही थी.