Auraiya News: उत्तर प्रदेश के औरैया जिले के एरवाकटरा थाना क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया, जब तिलकोत्सव कार्यक्रम की तैयारियों के बीच एक बड़ा हादसा हो गया. गांव नगरिया समायन में लाइट डेकोरेशन का काम कर रहे एक युवक को 11 केवी हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गया, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गया. घायल युवक को प्राथमिक उपचार के बाद सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है.

जानकारी के अनुसार, गांव नगरिया समायन में एक परिवार के यहां तिलकोत्सव कार्यक्रम आयोजित होना था. समारोह की तैयारियां जोरशोर से चल रही थीं और घर को सजाने के लिए लाइट डेकोरेशन का कार्य कराया जा रहा था. इसी दौरान गांव निवासी 24 वर्षीय राजकुमार सीढ़ी पर चढ़कर सजावट का काम कर रहे थे, तभी तेज हवाओं के कारण घर के बाहर से गुजर रही 11 केवी की हाईटेंशन तार छज्जे के बाहर निकली सरिया से टकरा गई.

युवक बुरी तहह झुलसा

जैसे ही करंट सरिया में प्रवाहित हुआ, तो सीढ़ी पर काम कर रहे राजकुमार उसकी चपेट में आ गए. करंट का झटका इतना तेज था कि राजकुमार सीढ़ी से नीचे गिर पड़े और गंभीर रूप से झुलस गए. हादसा होते ही मौके पर चीखपुकार मच गई. तिलकोत्सव की खुशियां अचानक मातम जैसे माहौल में बदल गईं. परिजन और आसपास मौजूद गांव वाले तुरंत मदद के लिए दौड़े. घायल राजकुमार को बिना देर किए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र एरवाकटरा पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार किया.

सैफई मेडिकल कॉलेज किया रेफर

हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया. फिलहाल युवक का इलाज जारी है. इस हादसे ने एक बार फिर हाईटेंशन लाइनों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था और सतर्कता पर सवाल खड़े कर दिए हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि आबादी वाले क्षेत्रों में गुजर रही विद्युत लाइनों के प्रति अतिरिक्त सावधानी बरतने की जरूरत है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों से बचा जा सके.